ऑपरेशन सिंदूर के शहीदों की जानकारी एक वर्ष तक छिपा कर रखी

ताज़ा खबर देश

-शहीद हुए छह भारतीय जवानों के नाम सार्वजनिक होने के बाद कांग्रेस ने उठाए सवाल
नई दिल्ली । ऑपरेशन सिंदूर के दौरान शहीद हुए छह भारतीय जवानों के नाम सार्वजनिक होने के बाद इस मुद्दे पर राजनीतिक विवाद शुरू हो गया है। कांग्रेस ने केंद्र सरकार पर शहीद सैनिकों की जानकारी लंबे समय तक सार्वजनिक नहीं करने का आरोप लगाया है।
कांग्रेस के वरिष्ठ नेता पवन खेड़ा ने आरोप लगाया कि ऑपरेशन सिंदूर में शहीद हुए जवानों की जानकारी करीब एक वर्ष तक सार्वजनिक नहीं की गई। उन्होंने कहा कि इन सैनिकों को वह सम्मान और सार्वजनिक श्रद्धांजलि नहीं मिली, जिसके वे अधिकारी थे। खेड़ा ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के संसद में दिए गए एक पुराने बयान का वीडियो साझा करते हुए सरकार से जवाब मांगा।
कांग्रेस का कहना है कि संसद में एक प्रश्न के उत्तर में रक्षा मंत्री ने कहा था कि ऑपरेशन सिंदूर में किसी प्रकार का नुकसान नहीं हुआ। इस बयान का हवाला देते हुए पवन खेड़ा ने कहा कि यदि उस समय छह जवान शहीद हुए थे, तो दो ही संभावनाएं हैं—या तो रक्षा मंत्री को इसकी जानकारी नहीं थी अथवा संसद को सही जानकारी नहीं दी गई। उन्होंने कहा कि दोनों ही स्थितियां गंभीर हैं और सरकार को स्पष्ट जवाब देना चाहिए।
इस विवाद के बीच विपक्ष सरकार से ऑपरेशन सिंदूर से जुड़े तथ्यों को सार्वजनिक करने की मांग कर रहा है, जबकि सरकार का कहना है कि राष्ट्रीय सुरक्षा और सैन्य अभियानों से जुड़ी सूचनाओं को लेकर स्थापित प्रोटोकॉल का पालन किया जाता है।