ईरान पर हर हमले, हर मौत के लिए घरेलू-अंतर्राष्ट्रीय कोर्ट में कानूनी कार्रवाई की जाएगी

अंतरराष्ट्रीय ताज़ा खबर

-सुप्रीम लीडर मुजतबा खामेनेई ने अमेरिका और इजराइल पर लगाए गंभीर आरोप
तेहरान । ईरान ने दावा किया है कि उसने कुवैत और बहरीन में अमेरिका के 8 सैन्य ठिकानों को तबाह कर दिया है। रिवोल्यूशनरी फोर्स ने कहा कि यह हमला ईरान के ठिकानों पर अमेरिका की दूसरी बड़ी सैन्य कार्रवाई के जवाब में किया गया। वहीं, ईरान के सुप्रीम लीडर मुजतबा खामेनेई ने अमेरिका और इजराइल पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने सोशल मीडिया पर लिखा कि दोनों देशों के नेताओं ने हालिया हमलों को लेकर जिस तरह बयान दिए हैं और उन पर गर्व जताया है, वह अपने आप में अपराध स्वीकार करने जैसा है। उन्होंने कहा कि ईरान पर हुए हर हमले, हर मौत और हर नुकसान के लिए घरेलू और अंतरराष्ट्रीय अदालतों में कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराघची ने क्षेत्रीय देशों से अपील की है कि वे अपनी जमीन का इस्तेमाल ईरान पर हमलों के लिए न होने दें। इराक की राजधानी बगदाद में रविवार को पीएम अली फालेह अल-जायदी से मुलाकात में अराघची ने कहा कि पड़ोसी देशों को यह तय करना चाहिए कि उनकी जमीन, हवाई क्षेत्र या सैन्य ठिकानों का इस्तेमाल ईरान के खिलाफ किसी भी हमले के लिए न हो। उन्होंने कहा कि क्षेत्रीय देशों की जिम्मेदारी है कि वे शांति और सुरक्षा बनाए रखें और किसी भी पक्ष को अपनी जमीन से गैरकानूनी सैन्य कार्रवाई की इजाजत न दें।
मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक अमेरिका ने लगातार दूसरे दिन ईरान पर हवाई हमले किए। इस दौरान किश्म द्वीप, सिरिक और बंदर-ए-लेंगेह को निशाना बनाया गया। इसके बाद ईरान ने जवाबी कार्रवाई में बहरीन और कुवैत में अमेरिकी सैन्य ठिकानों पर हमले किए। ईरान की इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स ने कहा कि आने वाले दिनों में क्षेत्र में मौजूद अमेरिकी सैन्य ठिकानों को भारी नुकसान उठाना पड़ेगा।