रूटिन चेकिंग में ट्रैफिक पुलिस ने पकड़ी चोरी की बाइक

इंदौर

इन्दौर यातायात पुलिस ने रूटिन चेकिंग के दौरान जब एक बगैर नंबर की बाइक पर सवार युवक को रोक गाड़ी के दस्तावेज दिखाने को कहा तो वह दस्तावेज लाने का कह फरार हो गया। बाद में जांच करने पर बाइक चोरी की निकली। मामला बापट चौराहे का है। पुलिस अब आरोपी की तलाश कर रही है। पुलिस के अनुसार बापट चौराहे पर चेकिंग के दौरान बिना नंबर प्लेट की एक हीरो होंडा स्प्लेंडर बाइक को रोककर चालक से पूछताछ की गई। जब उससे वाहन के दस्तावेज मांगे गए तो वह पेपर लाने का बहाना बनाकर बाइक मौके पर छोड़कर फरार हो गया। काफी देर तक चालक के वापस नहीं लौटने पर पुलिस को संदेह हुआ तो पुलिस ने बाइक के चेसिस नंबर के आधार पर जानकारी जुटाई, जिसमें पता चला कि मोटरसाइकिल चोरी की है और इस संबंध में विजय नगर थाने में पहले से प्रकरण दर्ज है। जिसके बाद पुलिस ने वाहन मालिक की पहचान कर उससे संपर्क किया। आवश्यक वैधानिक कार्रवाई पूरी करने के बाद बरामद मोटरसाइकिल को विजय नगर थाना पुलिस के सुपुर्द कर फरार चालक की तलाश की जा रही है।