ज़ी5 ने आज अपनी नई फिल्म सतलज का प्रीमियर किया। वास्तविक घटनाओं से प्रेरित यह भावनात्मक फिल्म केवल मनोरंजन तक सीमित नहीं है, बल्कि साहस, अपूरणीय क्षति और न्याय की अटूट तलाश की एक मार्मिक कहानी पेश करती है। हनी त्रेहान के निर्देशन में बनी इस फिल्म का निर्माण RSVP और मैकगफ़िन पिक्चर्स ने किया है। फिल्म में दिलजीत दोसांझ के साथ अर्जुन रामपाल, कंवलजीत सिंह, सुविंदर विक्की और गीतिका विद्या ओहल्यान प्रमुख भूमिकाओं में नजर आएंगे, यह फ़िल्म अब विशेष रूप से हिंदी ज़ी5 पर स्ट्रीम हो रही है।मानवाधिकार कार्यकर्ता जसवंत सिंह के जीवन से प्रेरित सतलज एक ऐसे व्यक्ति की सच्चाई की अडिग खोज की कहानी है, जो भय, सत्ता और खामोशी के बीच भी न्याय की लड़ाई से पीछे नहीं हटता। संघर्ष और अशांति के दौर की पृष्ठभूमि पर आधारित यह फिल्म हजारों रहस्यमय गुमशुदगियों की भयावह सच्चाई और अपने प्रियजनों के लिए न्याय की तलाश में भटकते परिवारों की असहनीय पीड़ा को संवेदनशीलता के साथ सामने लाती है।

