केंद्रीय शिक्षा मंत्री के इस्तीफे और एनटीए पर कार्रवाई की मांग
भोपाल। नीट परीक्षा पेपर लीक मामले में अखिल भारतीय राष्ट्रीय छात्र संगठन के आह्वान पर सैकड़ो छात्रों ने भोपाल के जिंसी चौराहे से लाल परेड ग्राउंड तक पैदल मार्च किया छात्र संगठन के नेताओं ने आरोप लगाते हुए कहा कि केंद्र सरकार पूरी तरह से छात्र विरोधी हो गई है, पेपर लीक हो जाते हैं, लेकिन सरकार की ओर से कोई कार्रवाई नहीं की जाती। उन्होंने कहा कि एनएसयूआई के आह्वान पर छात्रों की गूंज अभियान चलाया जा रहा है, इसी अभियान के तहत छात्र केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान का इस्तीफा मांग रहे हैं। जब तक केंद्रीय शिक्षा मंत्री इस्तीफा नहीं देते एनएसयूआई का आंदोलन जारी रहेगा। जिंसी चौराहे से शुरू हुए पैदल मार्च को शहर के प्रमुख मार्गों से निकाला गया। जिसमें बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं और संगठन के पदाधिकारियों ने भाग लिया। प्रदर्शन के दौरान एनएसयूआई कार्यकर्ताओं ने परीक्षा प्रणाली में पारदर्शिता सुनिश्चित करने, दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने और छात्रों के भविष्य की सुरक्षा की मांग को लेकर नारेबाजी की। इसके बाद संगठन के प्रतिनिधिमंडल ने भोपाल पुलिस कमिश्नर संजय सिंह के नाम ज्ञापन एसीपी बिटू शर्मा को सौंपकर कार्रवाई की मांग की। संगठन ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान पर भी गंभीर आरोप लगाते हुए नैतिक जिम्मेदारी के आधार पर उनके इस्तीफे की मांग की। उन्होंने कहा कि छात्र संगठन लगातार पैदल मार्च, मशाल जुलूस और विरोध-प्रदर्शनों के माध्यम से अपनी आवाज बुलंद कर रहा है। एनएसयूआई की प्रमुख मांग है कि केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान इस्तीफा दें, परीक्षा में कथित अनियमितताओं की निष्पक्ष जांच कराई जाए और नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (एनटीए) को भंग कर नई, पारदर्शी परीक्षा व्यवस्था लागू की जाए।

