मास्टर प्लान सड़कों का निरीक्षण करने पहुंचे आयुक्त

इंदौर

:: बारिश थमते ही 10 दिन में लिंक रोड पूरा करने के निर्देश, निर्माण एजेंसियों से कहा- काम में लाएं तेजी ::
इंदौर । शहर में निर्माणाधीन मास्टर प्लान सड़कों के काम में तेजी लाने के लिए नगर निगम आयुक्त क्षितिज सिंघल शुक्रवार को सड़क परियोजनाओं का निरीक्षण करने पहुंचे। उन्होंने निर्माण कार्यों की प्रगति की समीक्षा करते हुए अधिकारियों और निर्माण एजेंसियों को तय समय-सीमा में गुणवत्ता के साथ काम पूरा करने के निर्देश दिए। साथ ही बारिश के दौरान सभी निर्माण स्थलों पर सुरक्षा इंतजाम सुनिश्चित करने के लिए भी कहा।
आयुक्त ने चंद्रभागा से हरसिद्धि पुल तक लिंक रोड, नेमिनाथ मंदिर से जिंसी चौराहा होते हुए किला मैदान तिराहा तथा सुपर कॉरिडोर से एमआर-5 रोड तक चल रहे निर्माण कार्यों का जायजा लिया। उन्होंने निर्माण की गुणवत्ता, यातायात प्रबंधन और सुरक्षा व्यवस्थाओं की समीक्षा करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने नेमिनाथ चौराहा से जिंसी चौराहा और किला मैदान तिराहा से जिंसी चौराहा तक सड़क निर्माण कार्य को प्राथमिकता के आधार पर पूरा करने के निर्देश दिए। इसके लिए दोनों ओर से अलग-अलग टीमें लगाकर काम में तेजी लाने को कहा। वहीं चंद्रभागा-हरसिद्धि पुल लिंक रोड का निर्माण बारिश थमने के बाद 10 दिन के भीतर पूरा करने के निर्देश भी दिए।
निर्माण कार्य में बाधा बन रहे बिजली के पोलों को जल्द शिफ्ट कराने के निर्देश भी संबंधित अधिकारियों को दिए गए। आयुक्त ने निर्माण एजेंसियों से कहा कि सभी निर्माण स्थलों पर बैरिकेडिंग, चेतावनी बोर्ड, रिफ्लेक्टर और पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था अनिवार्य रूप से सुनिश्चित की जाए, ताकि बारिश के दौरान राहगीरों और वाहन चालकों को किसी तरह की परेशानी या दुर्घटना का सामना न करना पड़े। उन्होंने स्पष्ट किया कि निर्माण कार्यों में गुणवत्ता और सुरक्षा मानकों से किसी भी स्तर पर समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा।
निरीक्षण के दौरान अपर आयुक्त अभय राजनगांवकर, कार्यपालन यंत्री पी.एस. कुशवाह, सहायक यंत्री देवेंद्र तंवर सहित अन्य अधिकारी और निर्माण एजेंसियों के प्रतिनिधि मौजूद रहे।