मानसून की उत्तर-पश्चिम में तेज दस्तक
नई दिल्ली । देशभर में दक्षिण-पश्चिम मानसून पूरी तरह सक्रिय हो गया है और अलग-अलग राज्यों में लगातार बारिश का दौर जारी है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के मुताबिक अगले चार दिनों में गुजरात, राजस्थान, हरियाणा और पंजाब के शेष हिस्सों में भी मानसून पहुंच जाएगा। इसके साथ ही उत्तर, मध्य, पूर्व, पश्चिम और दक्षिण भारत के अधिकांश राज्यों में तेज बारिश, गरज-चमक और तेज हवाओं की संभावना जताई गई है। आईएमडी ने देश के कई हिस्सों में बिजली गिरने और 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की चेतावनी दी है। लोगों से खराब मौसम के दौरान सुरक्षित स्थानों पर रहने और अनावश्यक यात्रा से बचने की अपील की गई है। सक्रिय मानसूनी दौर किसानों के लिए राहत लेकर आएगा, लेकिन कई क्षेत्रों में जलभराव और बाढ़ जैसी स्थितियों का भी खतरा बना रहेगा।
दिल्ली-एनसीआर,पंजाब,हरियाणा और राजसथान का हाल
दिल्ली और आसपास के इलाकों में रविवार को बादल छाए रहने के साथ हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। गरज-चमक के दौरान 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे और कुछ स्थानों पर 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। अगले कुछ दिनों तक रुक-रुक कर बारिश का सिलसिला जारी रहने का अनुमान है। पंजाब, हरियाणा और राजस्थान की तरफ मानसून तेजी से आगे बढ़ रहा है। अगले चार दिनों में पूरे क्षेत्र में मानसून के पहुंचने की उम्मीद है। इसके बाद कई इलाकों में अच्छी बारिश होने से गर्मी और उमस से राहत मिलेगी।
पूर्वोत्तर और पहाड़ी इलाकों का मौसम
उत्तराखंड एवं हिमाचल जैसे पहाड़ी राज्यों में मानसून की सक्रियता बढ़ेगी। कई जिलों में भारी बारिश की संभावना है, जिससे भूस्खलन और सड़क बाधित होने का खतरा बना रहेगा। वहीं पूर्वोत्तर भारत के असम, मेघालय, अरुणाचल प्रदेश, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में व्यापक बारिश का दौर जारी रहेगा। कई स्थानों पर भारी बारिश दर्ज की जा सकती है।
यूपी,एमपी और छग समेत 7 राज्यों का हाल
राज्य के अधिकांश हिस्सों में गरज-चमक के साथ बारिश का दौर जारी रहेगा। पूर्वी और मध्य यूपी में कहीं-कहीं भारी बारिश हो सकती है। मध्य प्रदेश में भारी से बहुत भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है। कई जिलों में तेज बारिश के चलते नदी-नालों का जलस्तर बढ़ सकता है। दोनों क्षेत्रों में अगले कुछ दिनों तक लगातार भारी बारिश होने की संभावना है। निचले इलाकों में जलभराव की स्थिति बन सकती है। पूर्वी भारत के इन राज्यों में व्यापक बारिश का अनुमान है। बिहार, झारखंड और ओडिशा के कई जिलों में भारी बारिश हो सकती है, जबकि पश्चिम बंगाल के गांगेय और उप-हिमालयी क्षेत्रों के साथ सिक्किम में भी तेज वर्षा की संभावना है।
गुजरात, कोंकण, गोवा और महाराष्ट्र का मौसम
गुजरात, कोंकण, गोवा और महाराष्ट्र के लिए सबसे ज्यादा अलर्ट जारी किया गया है। कुछ इलाकों में अत्यधिक भारी बारिश की संभावना है, जिससे जलभराव और स्थानीय बाढ़ का खतरा बढ़ सकता है। मध्य महाराष्ट्र और कोंकण क्षेत्र में मूसलाधार बारिश का सिलसिला जारी रहेगा। कई जिलों में भारी बारिश के साथ तेज हवाएं चलने की संभावना है।
तटीय राज्यों में लगातार बारिश
दक्षिण भारत के केरल और कर्नाटक के तटीय राज्यों में लगातार भारी बारिश होने का अनुमान है। समुद्री इलाकों में रहने वाले लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है। तेलंगाना और आंध्र प्रदेश में अगले कुछ दिनों तक तेज बारिश का दौर बना रहेगा। कई स्थानों पर गरज-चमक और तेज हवाओं के साथ बारिश होने की संभावना है।

