संगठनात्मक रणनीतिक मंथन करने पंजाब पहुंचे भूपेश बघेल

देश

कांग्रेस ने कीं 2027 चुनाव की तैयारियां तेज
चंडीगढ़ । पंजाब विधानसभा चुनाव 2027 को ध्यान में रखते हुए कांग्रेस ने अपनी संगठनात्मक तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (एआईसीसी) के पंजाब प्रभारी भूपेश बघेल राज्य के दौरे पर पहुंचे हैं। अपने दौरे के दौरान वह हाल ही में गठित विभिन्न पार्टी कमेटियों के चेयरमैन, को-चेयरमैन और सदस्यों के साथ बैठक कर चुनावी रणनीति और संगठनात्मक रोडमैप पर विस्तार से चर्चा करेंगे।
पार्टी के अनुसार, भूपेश बघेल का यह दौरा नई कमेटियों की कार्ययोजना को अंतिम रूप देने और 2027 विधानसभा चुनाव के लिए मजबूत संगठन तैयार करने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है। बैठकों में बूथ स्तर से लेकर प्रदेश स्तर तक संगठन को सशक्त बनाने, विभिन्न कमेटियों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने तथा कांग्रेस के संदेश को गांव-गांव और शहर-शहर तक पहुंचाने के लिए व्यापक कार्ययोजना पर विचार किया जाएगा। दौरे के दौरान भूपेश बघेल वरिष्ठ नेताओं, संगठन के पदाधिकारियों और कमेटी प्रमुखों के साथ कई महत्वपूर्ण बैठकें करेंगे। इन बैठकों का उद्देश्य जमीनी स्तर पर कार्यकर्ताओं को सक्रिय करना और चुनाव से पहले संगठन को पूरी तरह तैयार करना है, ताकि कांग्रेस 2027 के विधानसभा चुनाव में मजबूत चुनौती पेश कर सके।
इस बीच, पिछले कुछ दिनों से पंजाब कांग्रेस में अंदरूनी मतभेदों की चर्चाएं भी तेज रही हैं। पूर्व मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी द्वारा 50 से अधिक कांग्रेस नेताओं की बैठक बुलाए जाने के बाद संगठनात्मक फैसलों को लेकर नाराजगी की अटकलें सामने आई थीं।
हालांकि, पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वडिंग ने इन अटकलों को खारिज करते हुए कहा कि पार्टी पूरी तरह एकजुट है और सभी नेता पंजाब में कांग्रेस की सत्ता में वापसी के लिए मिलकर काम करेंगे। उन्होंने संगठनात्मक अनुशासन बनाए रखने पर जोर देते हुए स्पष्ट किया कि पार्टी नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। साथ ही उन्होंने कहा कि किसी वरिष्ठ नेता के आवास पर कांग्रेस नेताओं की बैठक होना सामान्य राजनीतिक प्रक्रिया का हिस्सा है।