वायरल बोइंग 777 इंजन आग का सच: पुराना है डराने वाला मंजर

देश

नई दिल्ली । इन दिनों सोशल मीडिया पर बोइंग 777 विमान के इंजन में आग लगने का खौफनाक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में धधकता इंजन और उसका उड़ता बाहरी हिस्सा देखकर यात्री सहम जाते हैं। हालांकि, भयावह मंजर को लेकर हो रहे दावे सच्चाई से कोसों दूर हैं।
दरअसल, वायरल वीडियो आज से करीब चार साल पहले, 20 फरवरी 2021 को हुई गंभीर घटना से जुड़ा है। उस दिन यूनाइटेड एयरलाइंस की फ्लाइट 328 अमेरिका के डेनवर से होनोलूलू के लिए उड़ान भर रही थी। बोइंग 777-200 विमान में 231 यात्री और 10 क्रू मेंबर सवार थे। टेकऑफ के कुछ ही मिनट बाद, प्लेन के दाहिने इंजन में अचानक खराबी आई और एक तेज धमाका हुआ। धमाके के साथ ही इंजन में आग लग गई और उसका बाहरी कवर (काउलिंग) हवा में उड़ गया। इस खौफनाक मंजर को देखकर प्लेन के अंदर बैठे यात्रियों की चीख निकल गई। पायलट ने तुरंत एयर ट्रैफिक कंट्रोल (एटीसी) को मेडे कॉल देकर फुल इमरजेंसी लैंडिंग की मांग की और प्लेन को वापस डेनवर इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर सुरक्षित लैंड कराने का फैसला किया गया।
प्लेन के अंदर बैठे यात्री ने भयावह पल अपने मोबाइल में कैद किया, जिसमें धधकता इंजन स्पष्ट दिखाई दे रहा था। घटना के प्रत्यक्षदर्शी, यात्री के अनुसार, धमाके के बाद सभी को लगा था कि यह उनकी जिंदगी की आखिरी फ्लाइट है। उन्होंने अपनी पत्नी का हाथ पकड़ लिया था और दोनों ने मान लिया था कि अब शायद बच नहीं पाएंगे। बाद में, इंजन के टूटे हुए कई बड़े हिस्से कोलोराडो के ब्रूमफील्ड के रिहायशी इलाकों और खेतों से बरामद किए गए थे। स्थानीय पुलिस ने लोगों से मलबे को न छूने की अपील की थी।
सबसे राहत की बात यह रही कि पायलट की सूझबूझ के चलते प्लेन को डेनवर इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर सफलतापूर्वक लैंड करा लिया। इस घटना में किसी भी यात्री, क्रू मेंबर या जमीन पर मौजूद व्यक्ति को कोई चोट नहीं आई। बाद में, अमेरिका की फेडरल एविएशन एडमिनिस्ट्रेशन (एफएए) और नेशनल ट्रांसपोर्टेशन सेफ्टी बोर्ड (एनटीएसबी) ने मामले की विस्तृत जांच की थी। इसलिए, अगर आपको सोशल मीडिया पर यह वीडियो दिखे और कोई इसे हालिया घटना बताए, तो उस पर भरोसा न करें। यह वीडियो चार साल पुरानी यूनाइटेड एयरलाइंस फ्लाइट 328 की आपातकालीन लैंडिंग का है और इसका किसी मौजूदा विमान हादसे से कोई संबंध नहीं है।