पीएम मोदी को मिला इंडोनेशिया का सर्वोच्च नागरिक सम्मान बिंतांग आदिपूर्णा

ताज़ा खबर देश

जकार्ता । प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की इंडोनेशिया यात्रा ने दोनों देशों के कूटनीतिक इतिहास में एक स्वर्णिम अध्याय जोड़ दिया है। अपनी तीन देशों की विदेश यात्रा के पहले चरण में इंडोनेशिया पहुंचे प्रधानमंत्री मोदी को वहां के राष्ट्रपति प्रबोवो सुबिआंतो ने देश के सबसे बड़े नागरिक सम्मान बिंतांग आदिपूर्णा ऑफ द रिपब्लिक ऑफ इंडोनेशिया मेडल से नवाजने का ऐलान किया है। यह सम्मान दोनों देशों के बीच लगातार प्रगाढ़ होते द्विपक्षीय संबंधों और वैश्विक मंच पर भारत की बढ़ती साख का प्रतीक है। मंगलवार को जब प्रधानमंत्री मोदी जकार्ता के इस्ताना नेगारा में राष्ट्रपति प्रबोवो सुबिआंतो से द्विपक्षीय और रणनीतिक बातचीत के लिए पहुंचे, तो उनका अभूतपूर्व और गर्मजोशी से स्वागत किया गया। इसी मुलाकात के दौरान राष्ट्रपति सुबिआंतो ने पीएम मोदी को इस सर्वोच्च सम्मान से विभूषित करने की घोषणा की। इस ऐतिहासिक बैठक के दौरान प्रधानमंत्री मोदी ने जकार्ता के इस्ताना नेगारा में प्रतिष्ठित गेस्ट बुक पर भी हस्ताक्षर किए, जो दोनों देशों के बीच बढ़ती गहरी दोस्ती और विश्वास को रेखांकित करता है।
प्रधानमंत्री मोदी की इंडोनेशिया के लिए यह पहली आधिकारिक द्विपक्षीय यात्रा है, जो दोनों देशों के ऐतिहासिक रिश्तों को एक बिल्कुल नए स्तर पर ले जाने का काम कर रही है। दोनों देशों के बीच की इस मजबूत बॉन्डिंग की नींव उस वक्त और पुख्ता हो गई थी, जब राष्ट्रपति सुबिआंतो जनवरी 2025 में भारत के गणतंत्र दिवस समारोह में मुख्य अतिथि के तौर पर शामिल हुए थे। नई दिल्ली से रवाना होने से ठीक पहले प्रधानमंत्री मोदी ने अपनी इस यात्रा के व्यापक रणनीतिक महत्व को रेखांकित किया था। उन्होंने कहा था कि उनकी यह यात्रा इंडोनेशिया के साथ-साथ ऑस्ट्रेलिया और न्यूजीलैंड के संबंधों को भी नई ऊंचाई देगी। पीएम मोदी के मुताबिक, इस अहम दौरे से न केवल भारत की एक्ट ईस्ट नीति और महासागर विजन को जबरदस्त मजबूती मिलेगी, बल्कि एक स्वतंत्र, खुले और सुरक्षित हिंद-प्रशांत (इंडो-पैसिफिक) क्षेत्र को लेकर भारत के वैश्विक नजरिए को भी आगे बढ़ाया जा सकेगा। सोमवार को जकार्ता पहुंचे प्रधानमंत्री मोदी की इस यात्रा के राजनीतिक और रणनीतिक नतीजे आने वाले समय में पूरे दक्षिण-पूर्व एशिया क्षेत्र के समीकरणों को प्रभावित करेंगे।