भोपाल । भारत सरकार के स्कूल शिक्षा एवं साक्षरता विभाग द्वारा घोषित स्वच्छ एवं हरित विद्यालय रेटिंग (SHVR) 2025-26 में मध्यप्रदेश ने उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल की है। राष्ट्रीय चयन सूची में प्रदेश के 10 विद्यालयों ने स्थान बनाया है। शहरी श्रेणी में रतलाम के उत्कृष्ट उच्चतर माध्यमिक सांदीपनि विद्यालय, जावरा ने देश में पहला और भोपाल के कमला नेहरू सांदीपनि विद्यालय ने दूसरा स्थान प्राप्त किया है। वहीं, ग्रामीण श्रेणी में देवास जिले की शासकीय माध्यमिक शाला झिकड़ाखेड़ा दूसरे स्थान पर रही।
इस प्रतिष्ठित रेटिंग में विद्यालयों का मूल्यांकन सुरक्षित पेयजल, स्वच्छ शौचालय, हाथ धुलाई सुविधा, कचरा प्रबंधन, ऊर्जा दक्षता, वर्षा जल संचयन, हरित परिसर और पर्यावरण संरक्षण जैसे मानकों पर किया जाता है। इस वर्ष प्रदेश के 78,149 विद्यालयों ने स्व-मूल्यांकन प्रक्रिया में भाग लिया था, जिनमें से 20 विद्यालय राष्ट्रीय स्तर के लिए नामांकित किए गए और 10 का अंतिम चयन हुआ।
चयनित सभी विद्यालयों को भारत सरकार की ओर से एक-एक लाख रुपये की प्रोत्साहन राशि तथा मेरिट प्रमाण-पत्र प्रदान किया जाएगा। साथ ही संस्था प्रमुखों के लिए विशेष शैक्षणिक अध्ययन भ्रमण भी आयोजित किया जाएगा।
राष्ट्रीय स्तर पर चयनित 10 विद्यालयों में 8 शासकीय और 2 निजी विद्यालय शामिल हैं। राज्य शिक्षा केंद्र के संचालक हरजिंदर सिंह ने इसे प्रदेश में स्वच्छता, जल संरक्षण और हरित परिसर विकास के लिए किए जा रहे सामूहिक प्रयासों का परिणाम बताते हुए सभी चयनित विद्यालयों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि इन विद्यालयों के नवाचारों को अन्य स्कूलों तक भी पहुंचाया जाएगा, ताकि पूरे प्रदेश में स्वच्छ एवं हरित विद्यालय अभियान को और गति मिल सके।

