आफत बनी बारिश : बाघ नदी में बहे दो वाहन, चार दिनों से जनजीवन अस्त-व्यस्त

मध्य प्रदेश

बालाघाट . मध्य प्रदेश में देरी से पहुंचे मानसून ने अब अपना रौद्र रूप दिखाना शुरू कर दिया है। प्रदेश के कई जिलों में लगातार हो रही बारिश ने जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित कर दिया है। बालाघाट, उज्जैन, बुरहानपुर, पांढुर्णा, शाजापुर और खरगौन सहित कई क्षेत्रों में बारिश के चलते हालात बिगड़ गए हैं। कहीं नदी-नाले उफान पर हैं, तो कहीं पेड़ गिरने और बिजली व्यवस्था बाधित होने से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
जिले में पिछले चार दिनों से लगातार हो रही तेज बारिश ने हालात और भी गंभीर कर दिए हैं। जिले के कई हिस्सों में नदी-नालों में बाढ़ की स्थिति बन गई है, जिससे आवागमन प्रभावित हुआ है। कई स्थानों पर पुलों के ऊपर पानी बहने से रास्ते बंद हो गए हैं। इसी बीच बालाघाट से एक चिंताजनक तस्वीर सामने आई है, जहां बाढ़ के तेज बहाव में एक जेसीबी मशीन सहित अन्य वाहन बहते नजर आए। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
जानकारी के अनुसार यह मामला जिले के किरनापुर-लांजी क्षेत्र से होकर बहने वाली बाघ नदी का है। यहां प्रधानमंत्री ग्राम सडक़ योजना के तहत हाई लेवल पुल का निर्माण कार्य जारी है। ग्राम अंधियाटोला और गल्लाटोला के बीच लगभग 150 मीटर लंबे इस पुल का निर्माण करीब 1017.24 लाख रुपये की लागत से किया जा रहा है। बताया जा रहा है कि निर्माण कार्य में लगे वाहन नदी किनारे खड़े थे। लगातार बारिश के कारण बाघ नदी का जलस्तर अचानक बढ़ गया, जिससे ये वाहन तेज बहाव में बह गए। गनीमत रही कि घटना के समय कोई जनहानि की सूचना नहीं है। बारिश के बढ़ते असर को देखते हुए प्रशासन ने लोगों से सतर्क रहने और अनावश्यक रूप से नदी-नालों के पास न जाने की अपील की है।
जिले में बीते 24 घंटे में 29 मिलीमीटर हुई बारिश
चालू वर्षा सत्र में बालाघाट जिले में 1 जून से 6 जुलाई तक कुल 280 मिलीमीटर औसत वर्षा दर्ज की गई है। जबकि गत वर्ष इसी अवधि में 216 मिलीमीटर वर्षा रिकार्ड की गई थी। कार्यालय अधीक्षक भू-अभिलेख से प्राप्त जानकारी के अनुसार 6 जुलाई को प्रात: 8 बजे समाप्त हुए पिछले 24 घंटों के दौरान जिले में 29 मिलीमीटर औसत वर्षा रिकॉर्ड की गई है। इस अवधि में बालाघाट तहसील में 13 मिमी, वारासिवनी में 16 मिमी, बैहर में 35 मिमी, लांजी में 70 मिमी, कटंगी में 97 मिमी, किरनापुर में 09 मिमी, खैरलांजी में 05 मिमी, लालबर्रा में 06 मिमी, बिरसा में 31 मिमी, परसवाड़ा में 02 मिमी, तिरोड़ी में 30 मिमी वर्षा दर्ज की गई है। चालू वर्ष में 1 जून से 6 जुलाई तक सबसे अधिक 418 मिलीमीटर वर्षा वारासिवनी तहसील में दर्ज की गई है, जबकि सबसे कम 134 मिलीमीटर वर्षा बिरसा तहसील में रिकॉर्ड की गई है। इस अवधि में बालाघाट तहसील में 402 मिमी, बैहर में 367 मिमी, लांजी में 269 मिमी, कटंगी में 237 मिमी, किरनापुर में 348 मिमी, खैरलांजी में 139 मिमी, लालबर्रा में 279 मिमी, परसवाड़ा में 234 मिमी, तिरोड़ी में 252 मिमी वर्षा दर्ज की गई है।