भोपाल । मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने अपने दो दिवसीय नई दिल्ली प्रवास के दौरान मध्यप्रदेश से जुड़े विभिन्न विकासात्मक विषयों पर केंद्रीय मंत्रियों और वरिष्ठ अधिकारियों से चर्चा की। इस दौरान उन्होंने केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह की अध्यक्षता में आयोजित उच्चस्तरीय बैठक में भाग लेकर नर्मदा परियोजनाओं के लंबित अंतर्राज्यीय मुद्दों पर विचार-विमर्श किया।
बैठक में केंद्रीय जल शक्ति मंत्री सी.आर. पाटिल, गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल, राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा और महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस भी उपस्थित रहे। बैठक में नर्मदा परियोजनाओं के लंबित मामलों के समाधान और कार्यों में तेजी लाने पर सहमति बनी।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव, जल शक्ति मंत्री सी.आर. पाटिल तथा कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान से भी अलग-अलग मुलाकात कर प्रदेश के विकास और विभिन्न परियोजनाओं से जुड़े मुद्दों पर चर्चा की। उन्होंने अन्य राज्यों के मुख्यमंत्रियों से भी अंतर्राज्यीय परियोजनाओं के बेहतर क्रियान्वयन को लेकर विचार-विमर्श किया।

