ऑस्ट्रेलिया में प्रधानमंत्री मोदी ‘गार्ड ऑफ ऑनर’ से सम्मानित

अंतरराष्ट्रीय ताज़ा खबर

-राष्ट्रगान से गूंजा मेलबर्न, पीएम एंथनी ने किया गर्मजोशी से स्वागत
मेलबर्न । प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का ऑस्ट्रेलिया के मेलबर्न में भव्य तरीके से औपचारिक स्वागत किया गया। गवर्नमेंट हाउस विक्टोरिया में आयोजित समारोह में उन्हें ‘गार्ड ऑफ ऑनर’ प्रदान किया गया। इस दौरान भारत का राष्ट्रगान ‘जन गण मन’ गूंजा और ऑस्ट्रेलियाई प्रधानमंत्री एंथनी अल्बनीज ने प्रधानमंत्री मोदी का गर्मजोशी से स्वागत किया। ऑस्ट्रेलियाई सेना की टुकड़ी ने उन्हें औपचारिक सलामी दी।
औपचारिक स्वागत समारोह के बाद प्रधानमंत्री मोदी ने ऑस्ट्रेलिया के पूर्व प्रधानमंत्री स्कॉट मॉरिसन से भी मुलाकात की। मुलाकात के बाद उन्होंने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर लिखा कि स्कॉट मॉरिसन से मिलना हमेशा सुखद रहता है और दोनों नेताओं के बीच भारत-ऑस्ट्रेलिया मित्रता को और मजबूत बनाने पर सार्थक चर्चा हुई। इससे पहले प्रधानमंत्री मोदी और प्रधानमंत्री एंथनी अल्बनीज ने भारत-ऑस्ट्रेलिया सीईओ फोरम में संयुक्त रूप से भाग लिया। दोनों नेताओं ने उद्योग जगत के प्रतिनिधियों से मुलाकात की और व्यापार, निवेश तथा आर्थिक सहयोग को नई गति देने पर जोर दिया। प्रधानमंत्री मोदी ने फोरम में दोनों देशों के प्रमुख उद्योगपतियों को संबोधित करते हुए भारत में निवेश के बढ़ते अवसरों की जानकारी दी।
सीईओ फोरम वर्ष 2012 से सक्रिय है और वर्ष 2023 में प्रधानमंत्री मोदी तथा एंथनी अल्बनीज ने इसे पुनः शुरू किया था। यह मंच दोनों देशों की सरकारों को आर्थिक सहयोग, व्यापार और निवेश बढ़ाने के संबंध में सुझाव देता है तथा विभिन्न क्षेत्रों में साझेदारी को मजबूत करने के लिए वर्षभर गतिविधियां संचालित करता है।
अपने ऑस्ट्रेलिया दौरे के दौरान प्रधानमंत्री मोदी और प्रधानमंत्री अल्बनीज तीसरे वार्षिक शिखर सम्मेलन की सह-अध्यक्षता भी करेंगे। दोनों नेताओं के बीच व्यापक रणनीतिक साझेदारी, व्यापार, निवेश, शिक्षा, प्रौद्योगिकी और क्षेत्रीय सहयोग सहित विभिन्न मुद्दों पर द्विपक्षीय वार्ता होगी। प्रधानमंत्री मोदी ऑस्ट्रेलिया की गवर्नर-जनरल सैम मोस्टिन से भी मुलाकात करेंगे।
इससे पहले बुधवार देर रात मेलबर्न पहुंचने पर भारतीय समुदाय ने प्रधानमंत्री मोदी का जोरदार स्वागत किया। ठंडे मौसम के बावजूद बड़ी संख्या में प्रवासी भारतीय होटल के बाहर एकत्र हुए और ‘भारत माता की जय’ तथा ‘मोदी-मोदी’ के नारों के साथ उनका अभिनंदन किया। स्थानीय कलाकारों ने भारतीय संस्कृति पर आधारित रंगारंग प्रस्तुतियां भी दीं। प्रधानमंत्री मोदी ने भारतीय समुदाय के स्नेह और उत्साह की सराहना करते हुए कहा कि यह स्वागत उनके लिए अविस्मरणीय रहेगा। साथ ही उन्होंने प्रवासी भारतीयों को भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच मजबूत होते संबंधों का महत्वपूर्ण सेतु बताया।