मूसलाधार बारिश: उप्र-बिहार समेत 10 राज्यों में आंधी-तूफान के आसार

देश

नई दिल्ली । देश के करीब एक दर्जन राज्य ऐसे हैं जहां मूसलाधार बारिश की संभावना है। वहीं कुछ राज्यों में आंधी तूफान के आसार बने हैं। इसके लिए मौसम विभाग ने चेतावनी जारी करते हुए कहा है कि उत्तर प्रदेश, बिहार, दिल्ली, झारखंड, पंजाब, हरियाणा, पश्चिम बंगाल, ओडिशा, छत्तीसगढ़, मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र और पूर्वोत्तर के राज्यों में 12 जुलाई तक तेज बारिश का सिलसिला जारी रहेगा। इसके बाद बारिश की गतिविधियों में कमी आ सकती है। वहीं 15 जुलाई के बाद बारिश में कमी देखी जा सकती है। केरल में मौसम विभाग ने कम से कम तीन जिलों में बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। वहीं राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में शुक्रवार यानी 10 जुलाई को हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। वहीं मौसम विभाग ने शनिवार के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। 11 और 12 जुलाई को भी दिल्ली में हल्की बारिश हो सकती है। राजधानी का अधिकतम तापमान 34 डिग्री तो न्यूनतम तापमान 26 डिग्री रह सकता है।
बिहार, झारखंड और उप्र का मौसम
बिहार के किशनगंज, गया, कटिहार,पटना, सारण, सिवान, मुंगेर, भोजपुर, सहरसा, सुपौल, समस्तीपुर, पश्चिमी चंपारण और मुजफ्फरपुर में भारी बारिश हो सकती है। हवा की स्पीड 50 से 60 किलोमीटर प्रतिघंटा रह सकती है। झारखंड के ज्यादातर जिलों में मौसम विभाग ने हल्की से मध्यम बारिश का अनुमान लगाया है। उत्तर प्रदेश में पिछले दो दिनों से हो रही बारिश की वजह से अधिकतम तापमान में अच्छी-खासी गिरावट दर्ज की गई है। शुक्रवार को अधिकतम तापमान 32 डिग्री रहने का अनुमान है। वहीं न्यूनतम तापमान 25 डिग्री तक जा सकता है। मुज्फ्फरनगर, अमरोहा, बिजनौर, मुरादाबद, रामपुर, बरेली, पीलीभीत, संभल, बांदा और बतायूं में भारी से भारी बारिश हो सकती है। इसके अलावा पूर्वी उत्तर प्रदेश के गोंडा, बहराइच, लखनऊ, अयोध्या, मिर्जापुर, वाराणसी, संत कबीरनगर जिलों में मध्यम से तेज बारिश हो सकती है। उत्तर पश्चिम मध्य प्रदेश के ऊपर कम दबाव का सिस्टम ऐक्टिव होने की वजह से बारिश की गतिविधियां बढ़ी हैं। शनिवार को भी पूरे उत्तर प्रदेश में बारिश का अनुमान है।
पहाड़ों में बारिश, भूस्खलन की चेतावनी
मौसम विभाग ने बताया कि उत्तराखंड के हरिद्वार, नैनीताल, उधमसिंह नगर, चंपावत, पौड़ी, टिहरी और देहरादून में मध्यम से भारी बारिश हो सकती है। वहीं कुछ जगहों पर भारी बारिश का अनुमान है। यहां भूस्खलन का भी अलर्ट जारी किया गाय है। बागेश्वर, देहरादून और पौड़ी में बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। वहीं उत्तराखंड में मैदान से सटे इलाकों में हल्की बारिश हो सकती है। अगले दो से तीन दिन तक बारिश का दौर जारी रहेगा। हिमाचल प्रदेश के कांड़ा, मनाली, जोट, शिमला, मलौण, पोंटा साहिब, गुलेर, सराहन, गुलेर, रोहरू, सांगला, कुकुमसेरी, कल्पा, सुदंरनगर, बिलासपुर और रोकोंगपिओ में भारी बारिश हो सकती है। जम्मू-कश्मीर के कुपवाड़ा, अनंतनाग और श्रीनगर समेत ऊंचाई वाले जिलों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है।