साल 1999 की गर्मियों में कारगिल युद्ध अपने चरम पर था। पाकिस्तान की सेना ने ऊंचे और बेहद कठिन पहाड़ी इलाकों में कई महत्वपूर्ण ठिकानों पर कब्जा कर लिया था। ऐसे मुश्किल समय में भारतीय सेना के सामने बड़ी चुनौती खड़ी हो गई थी। जैसे-जैसे युद्ध की स्थिति गंभीर होती गई, भारतीय वायु सेना को भी इस इस मिशन में मदद के लिए आगे बुलाया गया। वास्तविक घटनाओं पर आधारित इसी अध्याय से ‘ऑपरेशन सफेद सागर’ की शुरुआत हुई। नेटफ्लिक्स ने अपनी भव्य सैन्य ड्रामा सीरीज ‘ऑपरेशन सफेद सागर’ का ट्रेलर जारी किया। यह सीरीज कारगिल युद्ध के दौरान भारतीय वायु सेना की अहम भूमिका से जुड़ी एक सच्ची घटना पर आधारित है। इसमें गोल्डन एरोज स्क्वॉड्रन की अब तक सामने न आई कहानी दिखाई गई है। इस स्क्वॉड्रन के साथ भारतीय वायु सेना, नौसेना और थल सेना के कई जवानों ने देश की सेवा के लिए बहादुरी से इस मिशन को पूरा किया था। इस सीरीज का निर्देशन ओनी सेन ने किया है।

