वांगचुक के सभी प्राथमिक स्वास्थ्य मानक स्थिर, डॉक्टरों की विशेष टीम कर रही निगरानी

ताज़ा खबर देश

दिल्ली हाईकोर्ट के निर्देश के बाद मेदांता अस्पताल में किया था स्थानांतरित
गुरुग्राम । दिल्ली हाईकोर्ट के निर्देश के बाद सफदरजंग अस्पताल से गुरुग्राम स्थित मेदांता अस्पताल स्थानांतरित किए गए सोनम वांगचुक की स्थिति को लेकर ताजा हेल्थ बुलेटिन जारी हुआ है। अस्पताल प्रशासन के मुताबिक वांगचुक वर्तमान में आईसीयू में डॉक्टरों की विशेष टीम की निगरानी में हैं। डॉक्टरों के मुताबिक वांगचुक के सभी प्राथमिक स्वास्थ्य मानक फिलहाल स्थिर हैं। भूख हड़ताल के कारण उनके शरीर में आरबीसी, डब्ल्यूबीसी और प्लेटलेट्स में कमी दर्ज की गई है, जिसके लिए निरंतर मॉनिटरिंग जरूरी है। लंबे अनशन के चलते उनके शरीर में पोटेशियम का स्तर कम पाया गया है।
मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक सोनम वांगचुक पिछले कई दिनों से अनशन पर थे, जिसके चलते उनका स्वास्थ्य बिगड़ने पर उन्हें पहले सफदरजंग अस्पताल में भर्ती कराया गया था। वांगचुक की पत्नी गीतांजलि आंगमो ने उनके स्वास्थ्य और निजता से जुड़े अधिकारों का हवाला देते हुए दिल्ली हाईकोर्ट में अपनी पसंद के निजी अस्पताल में ट्रांसफर की याचिका दायर की थी। दिल्ली हाईकोर्ट की खंडपीठ ने स्वास्थ्य रिपोर्टों और एम्स और सफदरजंग के डॉक्टरों की सलाह को ध्यान में रखते हुए वांगचुक को मेदांता अस्पताल शिफ्ट करने का आदेश दिया था।
कोर्ट ने साफ किया कि मरीज की सुरक्षा और मौलिक अधिकारों के संरक्षण के तहत यह कदम उठाया गया है। मेदांता अस्पताल में भर्ती कराए जाने के साथ ही परिसर के बाहर और भीतर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। कोर्ट के निर्देशानुसार उनकी पत्नी को इलाज के दौरान उनसे मिलने और साथ रहने की अनुमति दी गई है।