इन्दौर | आइसर ग्रुप ऑफ फाउंडेशन और माय एफएम की एक संयुक्त पहल के तहत शहर की यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने, लोगों को ट्रैफिक नियमों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से पलासिया चौराहा स्थित सेल्फी पॉइंट पर ट्रैफिक लाइब्रेरी का शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम के दौरान यातायात पुलिस ने मॉड्यूलर व्हीकल बैरियर / अरेस्टर और टायर किलर जैसे आधुनिक सुरक्षा उपकरणों का डेमो प्रस्तुत किया। पुलिस अधिकारियों के अनुसार मॉड्यूलर व्हीकल बैरियर/अरेस्टर ऐसा उपकरण है, जिसे जरूरत के अनुसार सड़क पर तुरंत लगाया जा सकता है। यह तेज रफ्तार या संदिग्ध वाहनों की गति नियंत्रित कर उन्हें रोकने में मदद करता है। वहीं, टायर किलर या स्पाइक बैरियर का उपयोग उन वाहनों को रोकने के लिए किया जाता है, जो पुलिस के संकेत के बाद भी नहीं रुकते। यह उपकरण वाहन के टायर को निष्क्रिय कर देता है, जिससे वाहन नियंत्रित होकर रुक जाता है।अधिकारियों ने पुलिसकर्मियों को निर्देश दिए कि इन आधुनिक संसाधनों का उपयोग पूरी सावधानी और नागरिकों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए ही किया जाए।

