:: अन्नपूर्णा इंडस्ट्रीज में कार्रवाई, शिवसागर रेस्टोरेंट सहित तीन अन्य प्रतिष्ठानों से भी लिए नमूने ::
इंदौर । खाद्य सुरक्षा प्रशासन ने शुक्रवार को मूसाखेड़ी स्थित अन्नपूर्णा इंडस्ट्रीज में बिना वैध खाद्य पंजीयन गुलाब जामुन इंस्टेंट मिक्स का निर्माण पाए जाने पर उत्पादन बंद करा दिया। यहां से दो ब्रांड के नमूने जांच के लिए लिए गए। त्योहारी सीजन के मद्देनजर की गई कार्रवाई में शिवसागर रेस्टोरेंट, मामाजी गृह उद्योग और लोकेलाइट किचन का भी निरीक्षण किया गया।
नवलखा स्थित शिवसागर रेस्टोरेंट के किचन में स्वच्छता संबंधी खामियां मिलीं। पानी की जांच रिपोर्ट, पेस्ट कंट्रोल प्रमाण-पत्र और कर्मचारियों के मेडिकल फिटनेस प्रमाण-पत्र उपलब्ध नहीं थे। जंग लगे बर्तन और चॉपिंग बोर्ड हटवाकर आवश्यक सुधार के निर्देश दिए गए। यहां से क्रीम का नमूना लिया गया। कॉकरोच की शिकायत पर पेस्ट कंट्रोल कराने को भी कहा गया।
मूसाखेड़ी स्थित मामाजी गृह उद्योग में कच्ची खाद्य सामग्री जमीन पर रखी मिली। निर्माण क्षेत्र में पर्याप्त रोशनी और कर्मचारियों के मेडिकल फिटनेस प्रमाण-पत्र भी उपलब्ध नहीं थे। यहां से लॉलीपॉप और काजू मलाई टॉफी के नमूने लिए गए। वहीं, नरसिंह बाजार स्थित लोकेलाइट किचन से पनीर, दाल, छोले और भटूरे के नमूने लेकर स्वच्छता संबंधी कमियों पर नोटिस जारी करने की प्रक्रिया शुरू की गई।
खाद्य सुरक्षा प्रशासन के अनुसार, सभी नमूने जांच के लिए राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला, भोपाल भेजे जाएंगे। रिपोर्ट के आधार पर नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।

