:: कांवड़ यात्रियों और हिंदू संगठनों ने जर्जिस अंसारी के खिलाफ एफआईआर की मांग की; पुलिस ने जांच के बाद कार्रवाई का दिया भरोसा ::
इंदौर । भगवान शिव और ब्रह्मा को लेकर मौलाना जर्जिस अंसारी के कथित बयान के विरोध में शनिवार को इंदौर के चंदननगर थाना क्षेत्र में हिंदू संगठनों और कांवड़ यात्रियों ने प्रदर्शन किया। अखिल भारतीय बलाई महासंघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष मनोज परमार के नेतृत्व में बड़ी संख्या में लोग कांवड़ लेकर थाने पहुंचे और मौलाना जर्जिस अंसारी के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने की मांग को लेकर घेराव किया।
प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि सोशल मीडिया पर प्रसारित एक कथित वीडियो में हिंदू देवी-देवताओं और धार्मिक आस्थाओं से जुड़े विषयों पर आपत्तिजनक टिप्पणी की गई है। उन्होंने पुलिस से वीडियो की जांच कर संबंधित व्यक्ति के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की मांग की।
:: कांवड़ लेकर पहुंचे प्रदर्शनकारी, सौंपा ज्ञापन ::
चंदननगर थाने के बाहर बड़ी संख्या में कांवड़ यात्री और कार्यकर्ता जुटे। प्रदर्शनकारियों ने नारेबाजी करते हुए कथित टिप्पणी पर नाराजगी जताई और पुलिस अधिकारियों को ज्ञापन सौंपा। उनका कहना था कि धार्मिक आस्थाओं से जुड़े विषयों पर की गई टिप्पणियों से लोगों की भावनाएं आहत होती हैं, इसलिए मामले में त्वरित कार्रवाई की जानी चाहिए।
:: पुलिस ने बढ़ाई सुरक्षा, गेट रखा बंद ::
प्रदर्शन को देखते हुए पुलिस प्रशासन अलर्ट रहा। थाने के बाहर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया और एहतियात के तौर पर मुख्य गेट बंद रखा गया। अधिकारियों ने प्रदर्शनकारियों से चर्चा कर स्थिति संभाली और जांच के बाद नियमानुसार कार्रवाई का आश्वासन दिया।
:: वीडियो की जांच में जुटी पुलिस ::
एसीपी शिवेंद्र जोशी ने बताया कि चंदननगर से गंगवाल की ओर कांवड़ यात्रा जा रही थी। इसी दौरान अखिल भारतीय बलाई महासंघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष मनोज परमार के नेतृत्व में कुछ लोग थाने पहुंचे और आवेदन दिया। शिकायत के साथ एक वीडियो भी सौंपा गया है।
उन्होंने बताया कि पुलिस यह जांच कर रही है कि वीडियो कहां का है और उसमें दिखाई दे रहा व्यक्ति कौन है। जांच पूरी होने के बाद वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराकर उपलब्ध तथ्यों के आधार पर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
:: कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन की चेतावनी ::
मनोज परमार ने आरोप लगाया कि मौलाना जर्जिस अंसारी की कथित तकरीर में भगवान भोलेनाथ को लेकर की गई टिप्पणी से हिंदू समाज की भावनाएं आहत हुई हैं। उन्होंने कहा कि महामंडलेश्वर नितिन दास महाराज के सानिध्य में कांवड़ यात्री थाने पहुंचे थे।
उन्होंने कहा कि पुलिस ने जांच के बाद कार्रवाई का भरोसा दिया है। यदि एफआईआर दर्ज कर आगे की कार्रवाई नहीं की गई तो आंदोलन तेज किया जाएगा।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है। प्रशासन ने लोगों से शांति और कानून व्यवस्था बनाए रखने की अपील की है।

