कंपेल के 1100 विद्यार्थियों को मिली साइकिलें और कॉपियां

मध्य प्रदेश

:: मंत्री तुलसीराम सिलावट और विधायक मालिनी गौड़ ने शिक्षा प्रोत्साहन कार्यक्रम में किया वितरण ::
इंदौर । सांवेर विधानसभा क्षेत्र के ग्राम कंपेल में शिक्षा प्रोत्साहन की दिशा में महत्वपूर्ण पहल करते हुए 1100 विद्यार्थियों को निःशुल्क साइकिलें और अध्ययन सामग्री के रूप में कॉपियां वितरित की गईं। प्रदेश के जल संसाधन मंत्री एवं विधायक तुलसीराम सिलावट तथा विधायक मालिनी लक्ष्मण सिंह गौड़ ने शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय और माहेश्वरी स्कूल के विद्यार्थियों को सामग्री प्रदान की।
कार्यक्रम में मंत्री सिलावट ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में प्रदेश सरकार शिक्षा के क्षेत्र में लगातार जनकल्याणकारी योजनाएं संचालित कर रही है। साइकिल वितरण योजना का उद्देश्य ग्रामीण और दूरस्थ क्षेत्रों के विद्यार्थियों को विद्यालय तक पहुंचने में सुविधा देना है, ताकि दूरी उनकी पढ़ाई में बाधा न बने।
उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों के कई विद्यार्थी प्रतिदिन लंबी दूरी तय कर स्कूल पहुंचते हैं। ऐसे विद्यार्थियों के लिए साइकिल केवल आवागमन का साधन नहीं, बल्कि शिक्षा को निरंतर जारी रखने का माध्यम है। इससे समय की बचत होगी, उपस्थिति बढ़ेगी और विद्यार्थी अधिक उत्साह के साथ अध्ययन कर सकेंगे।
मंत्री सिलावट ने कहा कि आर्थिक परिस्थितियों के कारण कई बार विद्यार्थियों को आवश्यक शैक्षणिक सामग्री की कमी का सामना करना पड़ता है। सरकार का प्रयास है कि हर विद्यार्थी को शिक्षा के लिए जरूरी संसाधन उपलब्ध हों और कोई भी बच्चा सुविधाओं के अभाव में पीछे न रहे। उन्होंने विद्यार्थियों से मन लगाकर पढ़ाई करने और अपने माता-पिता व क्षेत्र का नाम रोशन करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में जिला पंचायत सदस्य ब्रजमोहन राठी, रामेश्वर चौहान, जनपद पंचायत अध्यक्ष विश्वजीत सिंह सिसोदिया, सरपंच ओमप्रकाश कंट्रोल वाले, माखन गोखले, श्याम निवाड़ी, सुरेश टेलर, प्रेम बोरवेल, विद्यालय के प्राचार्य, शिक्षक, जनप्रतिनिधि, अभिभावक और बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।