:: होटल प्राइड से सिटी फॉरेस्ट तक बनेगी 2.40 किमी लंबी और 30 मीटर चौड़ी सड़क; 8 बाउंड्रीवाल, 2 आरसीसी स्ट्रक्चर और एक दुकान हटाई ::
इंदौर (ईएमएस)। इंदौर बायपास से सिटी फॉरेस्ट तक बनने वाली 29.52 करोड़ रुपये की लिंक रोड के निर्माण का रास्ता साफ हो गया है। सड़क की जद में आ रहे 11 बाधक निर्माणों को नगर निगम की रिमूव्हल टीम ने जेसीबी की मदद से हटा दिया। इनमें आठ बाउंड्रीवाल, दो पक्के आरसीसी स्ट्रक्चर और एक दुकान शामिल है। झोन क्रमांक 19 में हुई कार्रवाई के बाद सड़क निर्माण के लिए जरूरी हिस्सा खाली कराया गया।
विशेष केंद्रीय सहायता योजना के तहत होटल प्राइड, इंदौर बायपास से सिटी फॉरेस्ट तक करीब 2.40 किलोमीटर लंबी और 30 मीटर चौड़ी लिंक रोड का निर्माण किया जा रहा है। परियोजना की लागत 29.52 करोड़ रुपये है।
भवन अधिकारी वैभव देवलासे ने बताया कि सड़क निर्माण में बाधक अवैध निर्माणों को को चिह्नित कर हटाने के लिए कार्रवाई की गई। जेसीबी की मदद से आठ बाउंड्रीवाल, दो पक्के आरसीसी स्ट्रक्चर और एक दुकान हटाई गई। इससे लिंक रोड के निर्माण के लिए जरूरी हिस्से में आ रही बाधा दूर हुई।
नगर निगम आयुक्त क्षितिज सिंघल के निर्देश पर शहर में सड़क विकास कार्यों में बाधक अतिक्रमण और निर्माण हटाने की कार्रवाई लगातार की जा रही है। निगम का उद्देश्य सड़क परियोजनाओं में आ रही बाधाओं को दूर कर विकास कार्यों को गति देना है।
कार्रवाई के दौरान भवन अधिकारी वैभव देवलासे, भवन निरीक्षक सचिन गेहलोत सहित नगर निगम का रिमूव्हल अमला मौजूद रहा।

