राजस्व वसूली में तेजी लाएं, लक्ष्य हर हाल में पूरा करें : महापौर

इंदौर

:: नगर निगम के राजस्व और मार्केट विभाग की समीक्षा; बकाया वसूली के लिए चलेगा विशेष अभियान ::
इंदौर । नगर निगम की आय बढ़ाने के लिए महापौर पुष्यमित्र भार्गव ने राजस्व वसूली को लेकर सख्ती दिखाई है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप राजस्व वसूली सुनिश्चित की जाए और बकाया राशि की वसूली के लिए अभियान तेज किया जाए।
निगम मुख्यालय में आयोजित राजस्व एवं मार्केट विभाग की समीक्षा बैठक में महापौर ने विभागवार वसूली की स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि राजस्व निगम की आर्थिक मजबूती का आधार है, इसलिए वसूली प्रक्रिया में तेजी के साथ नियमित निगरानी भी जरूरी है।
महापौर ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि लंबित प्रकरणों का समयबद्ध निराकरण करते हुए बकाया राशि की प्रभावी वसूली की जाए। लक्ष्य हासिल करने के लिए क्षेत्रवार प्रगति की लगातार समीक्षा करने और कमजोर प्रदर्शन वाले क्षेत्रों पर विशेष ध्यान देने को कहा गया।
बैठक में राजस्व प्रभारी निरंजन सिंह चौहान, अपर आयुक्त आकाश सिंह, उपायुक्त गरिमा पाटीदार सहित राजस्व एवं मार्केट विभाग के अधिकारी मौजूद रहे।