इन्दौर महापौर पुष्यमित्र भार्गव की अध्यक्षता में हुई मेयर इन काउंसिल की बैठक में इंदौर की जल नीति को सर्वसम्मति से मंजूरी दी गई।बैठक में आयुक्त क्षितिज सिंघल, महापौर परिषद के सदस्य तथा नगर निगम के विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। बैठक में बताया गया कि जल अपव्यय करने पर 2,000 से 10,000 रुपये तक तथा नल कनेक्शन पर मोटर पंप लगाकर पानी खींचने पर 5,000 से 10,000 रुपये तक जुर्माना लगाया जाएगा। आगामी ग्रीष्मकालीन पेयजल व्यवस्था के लिए 300 नए नलकूपों के खनन, 100 नलकूपों पर मोटर पंप लगाने और 33 नए टैंकरों की खरीदी को मंजूरी दी गई। वहीं, 12 नवंबर से 21 दिवसीय वैध नल कनेक्शन अभियान चलाया जाएगा।
बैठक में 2,600 से अधिक सफाई संरक्षक पदों पर संविदा नियुक्ति तथा 1,650 से अधिक कर्मचारियों के विनियमितीकरण को भी स्वीकृति दी गई। शहर में नए यूनिपोल नहीं लगाने, 140 नई गेंट्री बनाने और एमआर-5 से छोटा बांगड़दा तक सड़क निर्माण को भी मंजूरी प्रदान की गई।

