:: पांच दशक बाद हुआ बेटी का जन्म; स्वागत का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल ::
इंदौर । इंदौर के एक परिवार में 52 साल बाद बेटी का जन्म हुआ तो खुशियां छा गईं। पांच दशक से अधिक समय से परिवार में केवल बेटों का जन्म हो रहा था, ऐसे में नवजात बेटी का आगमन परिवार के लिए यादगार अवसर बन गया। बच्ची के स्वागत का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. बेला शाह जैन ने बच्ची के जन्म का वीडियो सोशल मीडिया पर साझा किया। वीडियो में ऑपरेशन थिएटर से डॉक्टर द्वारा नवजात को बाहर लाते ही परिवार के सदस्यों के चेहरे पर खुशी दिखाई दे रही है। बेटी के आगमन पर परिजन तालियां बजाते और उत्साह जाहिर करते नजर आए।
डॉ. बेला शाह जैन ने पोस्ट में लिखा, 52 वर्षों बाद इस परिवार में बेटी का जन्म हुआ है। यह दिन हमेशा याद रहेगा।
बच्ची की मां मुस्कान अग्रवाल ने भी सोशल मीडिया पोस्ट पर प्रतिक्रिया देते हुए गर्भावस्था के दौरान मिले सहयोग के लिए डॉक्टर का आभार जताया।
:: सोशल मीडिया पर लोगों ने सराहा ::
वीडियो वायरल होने के बाद बड़ी संख्या में लोगों ने बेटी के जन्म के स्वागत की इस पहल की सराहना की। कई यूजर्स ने कहा कि बेटियों के जन्म को इसी तरह उत्सव के रूप में मनाया जाना चाहिए। एक यूजर ने लिखा, हर बार बेटी का स्वागत इसी तरह होना चाहिए।
लोगों ने कहा कि ऐसे उदाहरण बेटियों को लेकर समाज में सकारात्मक सोच को बढ़ावा देते हैं।

