एमवाय अस्पताल फार्मासिस्ट राकेश गोरखे के ठिकानों पर छापा; 1.11 करोड़ आय के मुकाबले 2.13 करोड़ की संपत्ति मिली, 108% ज्यादा का खुलासा ::
इंदौर । एमवाय अस्पताल में सरकारी दवाओं के स्टाक की जांच से शुरू हुई पड़ताल आर्थिक अपराध प्रकोष्ठ (ईओडब्ल्यू) को फार्मासिस्ट राकेश गोरखे की करोड़ों की संपत्ति तक ले गई। ईओडब्ल्यू ने गोरखे के पांच ठिकानों पर छापामार कार्रवाई कर आय से अधिक संपत्ति का खुलासा किया है। प्रारंभिक जांच में उसकी ज्ञात आय से 108 प्रतिशत अधिक संपत्ति सामने आई है।
ईओडब्ल्यू के अनुसार, वर्ष 2007 में शासकीय सेवा में आए राकेश गोरखे की वैध आय करीब 1.11 करोड़ रुपये है, जबकि उसकी अर्जित संपत्तियों का मूल्य 2.13 करोड़ रुपये आंका गया है। एजेंसी अब संपत्तियों के स्रोत, वित्तीय लेन-देन और संभावित भ्रष्टाचार कनेक्शन की जांच कर रही है।
:: दवाओं की गड़बड़ी की शिकायत से शुरू हुई पड़ताल ::
ईओडब्ल्यू एसपी रामेश्वर यादव के अनुसार, गोरखे के खिलाफ एमवाय अस्पताल में सरकारी दवाओं के स्टाक में हेराफेरी और आय से अधिक संपत्ति जुटाने की शिकायत मिली थी। निरीक्षक कैलाश पाटीदार की जांच में आय और संपत्तियों के बीच अंतर सामने आने के बाद पांच स्थानों पर कार्रवाई की गई।
जांच एजेंसी अब यह पता लगा रही है कि संपत्तियों की खरीद के लिए धन कहां से आया और क्या इसमें सरकारी सेवा से जुड़े भ्रष्टाचार की रकम का इस्तेमाल हुआ।
:: मकान-प्लॉट समेत छह संपत्तियों का खुलासा ::
ईओडब्ल्यू को जांच में इंदौर में छह अचल संपत्तियों की जानकारी मिली है। इनमें स्कीम-140 स्थित वृंदावन गार्डन का दो मंजिला मकान शामिल है, जिसकी कीमत करीब 54.89 लाख रुपये आंकी गई है।
इसके अलावा सद्गुरु नंदी विहार कॉलोनी, साकार एनआरआई सिटी और साहिल इंद्रांचल होम्स में प्लॉट सहित अन्य निवेश के दस्तावेज मिले हैं। ओमेक्स डेवलपर्स को किए गए भुगतान की भी जांच की जा रही है।
:: डेढ़ लाख नकद, पासपोर्ट और दस्तावेज जब्त ::
छापे के दौरान ईओडब्ल्यू ने गोरखे के ठिकानों से करीब डेढ़ लाख रुपये नकद, पासपोर्ट, रजिस्ट्री, अनुबंध और भुगतान से जुड़े दस्तावेज जब्त किए हैं। पासपोर्ट जांच में अक्टूबर 2023 की थाईलैंड यात्रा की जानकारी सामने आई है।
एजेंसी अब यात्रा की अनुमति, खर्च के स्रोत और विदेश यात्रा से जुड़े नियमों के पालन की जांच कर रही है।
:: पत्नी की आय-संपत्ति का भी होगा मिलान ::
राकेश गोरखे की पत्नी कीर्ति गोरखे शासकीय दंत चिकित्सालय में लाइब्रेरियन के पद पर कार्यरत हैं। ईओडब्ल्यू दोनों की आय और संपत्तियों का मिलान कर रही है।
मामले में आय से अधिक संपत्ति और भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत जांच जारी है। एजेंसी आगे संपत्तियों के मूल्यांकन और बैंक लेन-देन की पड़ताल करेगी।

