ऋचा चड्ढा की ‘मुसाफिरी’ का पहला सीज़न मुंबई पर आधारित

मनोरंजन

अलग और दमदार कहानियों को प्रोड्यूस करने के लिए पहचान बना चुकीं अभिनेता-निर्माता ऋचा चड्ढा अब अपनी नई क्रिएटिव यात्रा की शुरुआत करने जा रही हैं। उनकी पहली कल्चर-बेस्ड नॉन-फिक्शन सीरीज़ ‘मुसाफिरी’ भारत की समृद्ध विरासत, लोगों और अनसुनी कहानियों का जश्न मनाएगी।’मुसाफिरी’ के पहले सीज़न में कुल 8 एपिसोड होंगे। हर एपिसोड मुंबई के अलग-अलग पहलुओं को सामने लाएगा। यह वही शहर है जिसे ऋचा आज अपनी पसंद का घर मानती हैं। यह सिर्फ एक ट्रैवल व्लॉग जैसी सीरीज़ नहीं है, बल्कि उस शहर को समर्पित एक भावनात्मक श्रद्धांजलि है जिसने उनके करियर को नई दिशा दी, उनकी ज़िंदगी बदली और आज भी उन्हें एक कलाकार के रूप में प्रेरित करता है।’मुसाफिरी’ को एक ऐसी यात्रा के रूप में तैयार किया गया है, जो आगे चलकर भारत के अलग-अलग हिस्सों तक पहुंचेगी। इस सीरीज़ में कम चर्चित परंपराओं, जीवंत इतिहास, अलग-अलग समुदायों और खास जगहों की कहानियां दर्शकों तक पहुंचाई जाएंगी।