पटना । बिहार की राजनीति में अपने खास अंदाज और बेबाक बयानों के लिए पहचाने जाने वाले जनशक्ति जनता दल (जेजेडी) के राष्ट्रीय अध्यक्ष तेज प्रताप यादव इन दिनों मनोरंजन जगत में सुर्खियां बटोर रहे हैं। हाल ही में उन्होंने अपने एक्स अकाउंट पर वीडियो साझा किया है, जिसमें वे बॉलीवुड अभिनेत्री मल्लिका शेरावत के साथ दिख रहे हैं। इस वीडियो ने इंटरनेट पर खूब चर्चा छेड़ दी है और लोग इसकी वजह जानने को उत्सुक हैं।
वीडियो में तेज प्रताप और मल्लिका एक साथ बैठे हुए दिखाई दे रहे हैं, जहां उनके बीच बातचीत हो रही है। तेज प्रताप अपने मोबाइल फोन पर मल्लिका को कुछ दिखाते नजर आते हैं, जिसे अभिनेत्री भी पूरे ध्यान से देखती हैं और साथ ही उनसे संवाद करती हैं। इस मुलाकात को और खास बनाने के लिए वीडियो के बैकग्राउंड में फिल्म धुरंधर का रोमांटिक गाना गहरा हुआ बज रहा है, जिसने वीडियो को सोशल मीडिया पर और अधिक आकर्षक बना दिया है। तेज प्रताप ने वीडियो के साथ कैप्शन में लिखा है, जल्द ही कुछ रोमांचक आने वाला है। हालांकि, उन्होंने यह स्पष्ट नहीं किया है कि यह मुलाकात कब और किस कार्यक्रम के दौरान हुई। कई लोग इसे किसी आगामी शूटिंग या इवेंट से जोड़कर देख रहे हैं, जबकि कुछ इसे उनके हालिया रियलिटी शो भोजपुरी बवाल से जोड़ रहे हैं।
गौरतलब है कि तेज प्रताप यादव ने भोजपुरी बवाल में हिस्सा लिया है, जहां उन्होंने भोजपुरी सिनेमा की गुणवत्ता पर अपनी राय रखी थी। उन्होंने कहा था कि एक समय भोजपुरी फिल्मों में अच्छी और पारिवारिक कहानियाँ होती थीं, लेकिन अब उनमें अश्लीलता बढ़ गई है। उन्होंने भविष्य में भोजपुरी सिनेमा को उसकी पुरानी पहचान दिलाने की इच्छा भी व्यक्त की थी। शो में पवन सिंह, दिनेश लाल यादव निरहुआ, आम्रपाली दुबे और काजल राघवानी जैसे कई बड़े भोजपुरी सितारे भी शामिल हैं।

