पात्र हितग्राहियों को समय-सीमा में मिलेगा योजनाओं का लाभ : महापौर मालती राय
105 जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र आवेदनों में 30 का मौके पर किया गया निराकरण
भोपाल । मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की मंशा के अनुरूप आमजन की समस्याओं का उनके क्षेत्र में ही त्वरित एवं पारदर्शी निराकरण करने तथा पात्र नागरिकों को शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराने के उद्देश्य से प्रदेश में ‘मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान’ संचालित किया जा रहा है। अभियान के तहत शुक्रवार को दक्षिण-पश्चिम विधानसभा क्षेत्र के वार्ड क्रमांक-47 स्थित श्याम नगर में जनसमस्या निवारण शिविर आयोजित किया गया।
शिविर में विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने नागरिकों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं और निराकरण की कार्रवाई की। नगर निगम द्वारा योजनाओं से संबंधित स्टॉल भी लगाए गए। इस दौरान जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र के 105 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें से 30 आवेदनों का तत्काल निराकरण किया गया। वहीं 56 नागरिकों को प्रधानमंत्री आवास योजना के संबंध में जानकारी प्रदान की गई।
शिविर में अपर मुख्य सचिव गृह संजय शुक्ला, महापौर श्रीमती मालती राय, विधायक भगवानदास सबनानी, कलेक्टर प्रियंक मिश्रा, नगर निगम आयुक्त श्रीमती संस्कृति जैन, डीसीपी अखिल पटेल, स्थानीय पार्षद श्रीमती गिरिजा राजेश खटीक सहित जनप्रतिनिधि और विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
महापौर श्रीमती मालती राय ने कहा कि मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान के अंतर्गत भोपाल में प्रत्येक शुक्रवार को जनसमस्या निवारण शिविर आयोजित किए जाएंगे। शिविरों में प्राप्त आवेदनों का पारदर्शी परीक्षण कर पात्र हितग्राहियों को निर्धारित समय-सीमा में योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराया जाएगा।
उन्होंने बताया कि अमृत-2.0 योजना के तहत वार्ड क्रमांक-47 में नई सीवर लाइन और पेयजल पाइपलाइन बिछाने के कार्यों को स्वीकृति दी जाएगी, जिससे क्षेत्र की पेयजल और सीवरेज संबंधी समस्याओं का स्थायी समाधान होगा। महापौर ने नागरिकों से स्वच्छता अभियान में सक्रिय भागीदारी करने और गीले-सूखे कचरे को अलग-अलग रखने की अपील की।
विधायक भगवानदास सबनानी ने कहा कि मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान सरकार की संवेदनशील और जनोन्मुखी कार्यप्रणाली का उदाहरण है। अब नागरिकों को समस्याओं के समाधान के लिए कार्यालयों के चक्कर लगाने की आवश्यकता नहीं है, बल्कि प्रशासन स्वयं जनता के बीच पहुंचकर उनकी समस्याएं सुन रहा है।
अपर मुख्य सचिव गृह संजय शुक्ला ने कहा कि अभियान का उद्देश्य यही है कि आम नागरिकों को सरकारी कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें। उन्होंने नशामुक्ति, युवाओं को रोजगारपरक प्रशिक्षण से जोड़ने और पात्र नागरिकों को योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए प्रशासन एवं समाज के संयुक्त प्रयासों पर जोर दिया।
कलेक्टर प्रियंक मिश्रा ने कहा कि शिविर में प्राप्त प्रत्येक आवेदन का संबंधित विभागों के माध्यम से समय-सीमा में निराकरण सुनिश्चित किया जाएगा। उन्होंने नशामुक्ति को सामाजिक जिम्मेदारी बताते हुए जनप्रतिनिधियों, सामाजिक संगठनों, पुलिस और प्रशासन के संयुक्त प्रयासों की आवश्यकता बताई।
नगर निगम आयुक्त श्रीमती संस्कृति जैन ने कहा कि शिविर में प्राप्त पेयजल, सीवरेज, नाली सफाई, कचरा प्रबंधन और अन्य नागरिक सुविधाओं से जुड़े आवेदनों की विभागवार निगरानी की जाएगी। जिन समस्याओं का समाधान मौके पर संभव होगा, उनका तत्काल निराकरण किया जाएगा तथा अन्य प्रकरणों के लिए समय-सीमा निर्धारित की जाएगी।
कार्यक्रम के अंत में निगम के अपर आयुक्त वरुण अवस्थी ने अतिथियों के प्रति आभार व्यक्त किया।

