राहुल गांधी ने छात्र का बढ़ाया हौसला: मैं भी नर्वस था कहकर जीता दिल

ताज़ा खबर देश-विदेश

सोशल मीडिया पर आई मिलीजुली प्रतिक्रिया
प्रयागराज, । सोशल मीडिया पर इन दिनों कांग्रेस नेता राहुल गांधी का वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें वे प्रयागराज में आयोजित कार्यक्रम में मंच पर घबराए हुए एक छात्र का आत्मविश्वास बढ़ाते दिख रहे हैं। छात्रों की गूंज नामक कार्यक्रम में राहुल गांधी ने छात्र को सहज महसूस कराने की कोशिश की, जिसकी खूब सराहना हो रही है।
दरअसल, कार्यक्रम के दौरान छात्र माइक पर अपनी बात रखने आया, लेकिन बोलते-बोलते वह इतना नर्वस हो गया कि अपनी बात ठीक से कह नहीं सका। छात्र की झिझक देखकर राहुल गांधी तुरंत उसके पास पहुंचे और छात्र को सहज होने के लिए प्रेरित किया। वीडियो में राहुल गांधी छात्र से कहते सुनाई देते हैं, ब्रदर, रिलैक्स करो… कोई प्रॉब्लम नहीं है। तुम अपने घर पर हो। खुलकर बोलो। डरने की कोई जरूरत नहीं है। मैं भी जब शुरुआत में भाषण देता था, तब नर्वस होता था। इसमें कोई प्रॉब्लम नहीं है। राहुल गांधी की इन प्रेरणादायक बातों ने छात्र का आत्मविश्वास वापस लौटाया और अपनी बात पूरी की। यह पूरा घटनाक्रम सोशल मीडिया पर खूब साझा किया जा रहा है।
इस कार्यक्रम में केवल इसी छात्र ने नहीं, बल्कि बिहार के बी.एड. छात्र ने भी अपनी आर्थिक और रोजगार से जुड़ी गहरी निराशा साझा की। छात्र ने बताया कि कैसे परिवार ने उसकी पढ़ाई के लिए जमीन तक बेच दी, लेकिन फिर भी नौकरी नहीं मिली। राहुल गांधी ने उनकी बात को ध्यान से सुनकर हौसला बढ़ाया। छात्रों की गूंज कार्यक्रम में पेपर लीक, भर्ती परीक्षाओं में देरी, बेरोजगारी, शिक्षा की बढ़ती लागत और प्रतियोगी परीक्षाओं से जुड़े कई गंभीर मुद्दों पर चर्चा हुई। इसमें उत्तर प्रदेश के विभिन्न जिलों से बड़ी संख्या में छात्र और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे युवा शामिल हुए।
वीडियो वायरल होने के बाद सोशल मीडिया पर लोगों की मिली-जुली प्रतिक्रियाएं सामने आईं। कई यूजर्स ने राहुल गांधी के व्यवहार की सराहना कर एक संवेदनशील और प्रेरणादायक पल बताया। एक यूजर ने लिखा कि राहुल गांधी ने स्थिति को कितनी सहजता से संभाला और गर्मजोशी के साथ छात्र का हौसला बढ़ाया। इसे सच्चे नेतृत्व की पहचान बताया गया। हालांकि, कुछ अन्य यूजर्स ने इस घटना को राजनीतिक कार्यक्रम का हिस्सा बताकर अलग नजरिए से भी देखा।