अरविंद का मप्र में टेक्सटाइल विस्तार, 5000 रोजगार के अवसर

इंदौर

पीएम मित्र पार्क में 1200 करोड़ के निवेश का प्रस्ताव; बरलाई और बेटमा में भी लगेंगी इकाइयां, मुख्यमंत्री ने अहमदाबाद में कंपनी के वाइस चेयरमैन से की चर्चा ::
इंदौर । मध्यप्रदेश में टेक्सटाइल और गारमेंट उद्योग के विस्तार की बड़ी तैयारी है। अरविंद लिमिटेड प्रदेश में अपनी औद्योगिक गतिविधियां बढ़ाएगी। धार के पीएम मित्र पार्क में कंपनी ने करीब 1200 करोड़ रुपये के निवेश का प्रस्ताव रखा है। इसके अलावा देवास के निकट बरलाई और इंदौर के बेटमा में भी औद्योगिक इकाइयां स्थापित की जा रही हैं। इन गतिविधियों से करीब 5000 लोगों के लिए रोजगार के अवसर बनने की संभावना है।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने बुधवार को अहमदाबाद में अरविंद लिमिटेड के वाइस चेयरमैन कुलीन लालभाई से मुलाकात कर कंपनी के प्रस्तावित निवेश, औद्योगिक विस्तार और रोजगार सृजन पर चर्चा की। मुख्यमंत्री ने कहा कि गुजरात और मध्यप्रदेश के बीच औद्योगिक सहयोग बढ़ने से दोनों राज्यों के संबंध और प्रगाढ़ होंगे। निवेश से प्रदेश में रोजगार के साथ औद्योगिक विकास को भी गति मिलेगी।
:: पीएम मित्र पार्क में 105 एकड़ जमीन आवंटित ::
धार स्थित पीएम मित्र पार्क में प्रस्तावित इकाई के लिए अरविंद लिमिटेड को 105 एकड़ जमीन आवंटित की गई है। यहां करीब 1200 करोड़ रुपये के निवेश का प्रस्ताव है। मुख्यमंत्री ने निवेश प्रक्रिया में तेजी लाने और प्रस्ताव के परीक्षण एवं अनुमोदन की कार्रवाई शीघ्र पूरी करने पर चर्चा की।
बैठक में कंपनी को प्रदेश में उपलब्ध निवेश प्रोत्साहनों की जानकारी भी दी गई। इनमें पूंजी एवं ब्याज अनुदान, स्टांप एवं पंजीयन शुल्क की प्रतिपूर्ति तथा ग्रीन इंडस्ट्रियलाइजेशन और अनुसंधान एवं विकास के लिए सहायता शामिल है।
:: इंदौर में सालाना 70 लाख परिधान ::
इंदौर में पेपकोन प्राइवेट लिमिटेड के साथ कंपनी के अनुबंध के तहत वर्तमान में करीब 70 लाख परिधानों का सालाना उत्पादन किया जा रहा है। नई इकाइयों के विस्तार से प्रदेश में टेक्सटाइल से गारमेंट निर्माण तक की गतिविधियों को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।
:: उद्योगों में पानी के पुन: उपयोग पर जोर ::
बैठक में औद्योगिक क्षेत्रों में पानी के पुन: उपयोग के लिए जीरो लिक्विड डिस्चार्ज (जेडएलडी) व्यवस्था पर भी चर्चा हुई। टेक्सटाइल, फार्मा सहित विभिन्न औद्योगिक क्लस्टरों में कॉमन जेडएलडी प्रणाली विकसित करने तथा औद्योगिक पार्कों को नगर निगमों के एसटीपी से जोड़कर सर्कुलर वॉटर इकोनॉमी विकसित करने के सुझाव पर विचार किया गया।
:: सिंहस्थ में हाईटेक संचार व्यवस्था ::
सिंहस्थ-2028 में पुलिस, सुरक्षा बल, स्वास्थ्य सेवाओं, आपदा प्रबंधन और आयोजन व्यवस्था के लिए मिशन-क्रिटिकल कम्युनिकेशन नेटवर्क के इस्तेमाल की संभावनाओं पर भी चर्चा हुई।
मुख्यमंत्री ने कुलीन लालभाई को मध्यप्रदेश में निवेश के साथ जीआईएस-2027 में सहभागिता के लिए आमंत्रित किया। बैठक में अपर मुख्य सचिव उद्योग नीरज मंडलोई, उद्योग सचिव जॉन किंसले और एमपीआईडीसी के एमडी चंद्रमौली शुक्ला मौजूद रहे।