गुजरात से मप्र को 8,635 करोड़ के निवेश प्रस्ताव, 5,785 रोजगार

इंदौर

गोल्डक्रेस्ट सीमेंट 3,000 करोड़ लगाएगा; एजियोस पॉलीफिल्म्स 2,500 करोड़ और गुजरात अंबुजा एक्सपोर्ट्स 1,200 करोड़ का प्रस्ताव ::
इंदौर । गुजरात के उद्योग जगत को मध्यप्रदेश में निवेश के लिए आमंत्रित करने के लिए आयोजित अहमदाबाद निवेश संवाद में प्रदेश को 8,635 करोड़ रुपये के निवेश प्रस्ताव मिले हैं। इनसे 5,785 रोजगार के अवसर सृजित होने की संभावना है। सीमेंट, पैकेजिंग, फूड प्रोसेसिंग, फार्मा, टेक्सटाइल, इंजीनियरिंग, केमिकल तथा एयरोस्पेस-डिफेंस क्षेत्र की 14 कंपनियों ने निवेश में रुचि दिखाई है।
500 से अधिक उद्योगपतियों, निवेशकों और कॉरपोरेट प्रतिनिधियों की मौजूदगी में हुए संवाद में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने गुजरात के उद्योग जगत को जीआईएस-2027, भोपाल में सहभागिता का न्योता दिया। उन्होंने कहा कि गुजरात के पास औद्योगिक अनुभव है तो मध्यप्रदेश के पास निवेश के लिए जमीन, पानी, बिजली और देश के मध्य में होने का लॉजिस्टिक्स लाभ है।
:: तीन कंपनियों के 6,700 करोड़ ::
निवेश प्रस्तावों में सबसे बड़ा गोल्डक्रेस्ट सीमेंट का है। कंपनी ने 3,000 करोड़ रुपये के निवेश और 1,500 रोजगार का प्रस्ताव दिया है। एजियोस पॉलीफिल्म्स प्राइवेट लिमिटेड पैकेजिंग क्षेत्र में 2,500 करोड़ रुपये निवेश कर 1,000 रोजगार सृजित करेगी। वहीं गुजरात अंबुजा एक्सपोर्ट्स लिमिटेड ने फूड प्रोसेसिंग क्षेत्र में 1,200 करोड़ रुपये और 500 रोजगार का प्रस्ताव दिया है।
एरिस लाइफसाइंसेज ने फार्मा क्षेत्र में 500 करोड़ रुपये के निवेश से 800 रोजगार का प्रस्ताव दिया है। राघव वूवन एलएलपी और भव्य मशीन टूल्स ने 250-250 करोड़ रुपये के निवेश प्रस्ताव दिए हैं। इनसे क्रमशः 400 और 300 रोजगार के अवसर बनने की संभावना है।
:: टेक्सटाइल, केमिकल और पैकेजिंग में भी निवेश ::
जय केमिकल इंडस्ट्रीज और बालाजी मल्टीफ्लेक्स ने 200-200 करोड़ रुपये, जबकि श्रद्धा स्पन ने 160 करोड़ रुपये के निवेश का प्रस्ताव दिया है। इनसे क्रमशः 100, 100 और 600 रोजगार प्रस्तावित हैं।
इनर इंजीनियरिंग प्रोडक्ट्स एंड सिस्टम्स ने 150 करोड़, ऑप्टिमाइज्ड ग्रुप ने एयरोस्पेस एवं डिफेंस में 100 करोड़, जेएमके फूड और विबफास्ट ग्रुप ने 50-50 करोड़ तथा अरुणाया ऑर्गेनिक्स ने 25 करोड़ रुपये के निवेश का प्रस्ताव दिया है।
:: अरविंद का पीएम मित्र पार्क में 1,200 करोड़ ::
निवेश संवाद के दौरान मुख्यमंत्री ने प्रमुख उद्योग समूहों के साथ 15 से अधिक वन-टू-वन बैठकें भी कीं। अरविंद लिमिटेड के साथ धार के पीएम मित्र पार्क में प्रस्तावित 1,200 करोड़ रुपये के निवेश को जल्द जमीन पर उतारने पर चर्चा हुई। टेक्सटाइल-गारमेंट क्षेत्र में निवेश प्रोत्साहन और पर्यावरण-अनुकूल औद्योगिक अधोसंरचना पर भी विचार हुआ।
टोरेंट पावर लिमिटेड के साथ अनूपपुर में प्रस्तावित 1,600 मेगावाट ताप विद्युत परियोजना और प्रदेश की दीर्घकालीन ऊर्जा जरूरतों पर चर्चा की गई।
:: 19 हजार एकड़ में 48 इंडस्ट्रियल पार्क ::
मुख्यमंत्री ने निवेशकों को बताया कि प्रदेश में करीब 19 हजार एकड़ में 48 नए इंडस्ट्रियल पार्क विकसित किए जा रहे हैं। उन्होंने रियायती दरों पर औद्योगिक भूमि, पर्याप्त वाटर बैंक, सरप्लस बिजली और प्लग एंड प्ले जोन को निवेश की प्रमुख सुविधाएं बताया।
मुख्यमंत्री के अनुसार, पिछले ढाई वर्षों में मध्यप्रदेश को 34 लाख करोड़ रुपये से अधिक के निवेश प्रस्ताव मिले हैं, जिनमें से 10 लाख करोड़ रुपये से अधिक के निवेश धरातल पर उतर चुके हैं।

:: 14 कंपनियां, 8,635 करोड़ का प्रस्ताव ::

कंपनी क्षेत्र निवेश रोजगार

गोल्डक्रेस्ट सीमेंट 3,000 करोड़ 1,500
एजियोस पॉलीफिल्म्स पैकेजिंग 2,500 करोड़ 1,000
गुजरात अंबुजा एक्सपोर्ट्स फूड प्रोसेसिंग 1,200 करोड़ 500
एरिस लाइफसाइंसेज फार्मा 500 करोड़ 800
राघव वूवन टेक्सटाइल 250 करोड़ 400
भव्य मशीन टूल्स इंजीनियरिंग 250 करोड़ 300
जय केमिकल इंडस्ट्रीज केमिकल 200 करोड़ 100
बालाजी मल्टीफ्लेक्स पैकेजिंग 200 करोड़ 100
श्रद्धा स्पन टेक्सटाइल 160 करोड़ 600
इनर इंजीनियरिंग प्रोडक्ट्स अन्य 150 करोड़ 160
ऑप्टिमाइज्ड ग्रुप एयरोस्पेस-डिफेंस 100 करोड़ 120
जेएमके फूड फूड प्रोसेसिंग 50 करोड़ 80
विबफास्ट ग्रुप केमिकल 50 करोड़ 75

अरुणाया ऑर्गेनिक्स केमिकल 25 करोड़ 50

कुल 8,635 करोड़ 5,785