सीएम हिमंत बिस्व सरमा ने स्वतंत्रता दिवस पर की घोषणा
केंद्र से 1 लाख करोड़ और राज्य से 50 हजार करोड़ जुटाने की योजना
गुवाहाटी, । असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्व सरमा ने स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर राज्य में अगले पांच वर्षों के दौरान 1.50 लाख करोड़ रुपये के बुनियादी ढांचा विकास की घोषणा की। गुवाहाटी में राष्ट्रीय ध्वज फहराने के बाद उन्होंने कहा कि वर्ष 2026 से 2031 के बीच होने वाले इस निवेश में 50 हजार करोड़ रुपये राज्य के अपने संसाधनों से और करीब एक लाख करोड़ रुपये केंद्र से जुटाए जाएंगे।
सड़क, शिक्षा और ग्रामीण विकास पर जोर
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रस्तावित निवेश से सड़क, स्कूल, शहरीकरण, ग्रामीण विकास और अन्य महत्वपूर्ण बुनियादी ढांचा परियोजनाओं को गति दी जाएगी। उन्होंने 2047 तक ‘विकसित असम’ बनाने का लक्ष्य दोहराते हुए कहा कि पिछले एक दशक में राज्य की अर्थव्यवस्था लगभग तीन गुना हुई है।
‘चाय से चिप’ की ओर बढ़ रहा असम
सरमा ने आगामी सेमीकंडक्टर संयंत्र का उल्लेख करते हुए कहा कि असम अब ‘चाय से चिप’ की दिशा में आगे बढ़ रहा है और उन्नत उद्योगों के लिए एक महत्वपूर्ण केंद्र बन रहा है। उन्होंने कहा कि दशकों तक उग्रवाद और विकास की चुनौतियों से जूझने के बावजूद राज्य अब बुनियादी ढांचे, निवेश और आर्थिक विकास पर आधारित नए मॉडल की ओर बढ़ रहा है।
बाढ़ प्रभावितों के पुनर्वास का भरोसा
हाल की बाढ़ से हुए नुकसान पर चिंता जताते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रभावित लोगों और क्षेत्रों के पुनर्वास के लिए धन की कोई कमी नहीं होने दी जाएगी। उन्होंने 1 नवंबर से बाल विवाह के खिलाफ 30 दिन का विशेष अभियान चलाने की भी घोषणा की।
युवाओं और प्रशासन पर भी फैसले
सरमा ने युवाओं के कौशल विकास के लिए नया यूथ डेवलपमेंट एंड एम्पावरमेंट विभाग बनाने और आठ नए सह-जिले गठित करने की घोषणा की। उन्होंने लंबित सरकारी फाइलों के तेजी से निपटारे के निर्देश भी दिए। साथ ही 2028 में स्वर्गदेव चाओलुंग सुकाफा के असम आगमन के 800 वर्ष पूरे होने पर विशेष आयोजन की घोषणा की।

