-शपथ लेने के बाद बोले- यह मेरे लिए गर्व और जिम्मेदारी का पल
पटना । जन सुराज पार्टी (जेएसपी) के संस्थापक प्रशांत किशोर ने सोमवार को बिहार विधानसभा में बांकीपुर विधायक के रूप में शपथ ली। विधानसभा अध्यक्ष प्रेम कुमार की मौजूदगी में शपथ लेने के बाद किशोर ने इसे अपने लिए गर्व और जिम्मेदारी का पल बताया।
शपथ लेने के बाद विधानसभा परिसर में पत्रकारों से बात करते हुए प्रशांत किशोर ने कहा कि जिस सदन में श्रीकृष्ण सिंह, कर्पूरी ठाकुर, अनुग्रह नारायण सिंह, नीतीश कुमार, लालू प्रसाद यादव, केदार पांडे, राम विलास पासवान और सुशील कुमार मोदी जैसे नेताओं ने सेवा की है, उसका सदस्य बनना उनके लिए गौरव की बात है।
उन्होंने कहा कि समाज और बिहार की बेहतरी के लिए अपने जीवन के महत्वपूर्ण वर्ष समर्पित करने वाले सैकड़ों विधायकों की तरह काम करना उनके लिए बड़ी जिम्मेदारी है। किशोर ने कहा कि विधानसभा सदस्य के तौर पर उनकी प्राथमिकता राज्य और समाज के हित में काम करना होगी। यहां बताते चलें कि प्रशांत किशोर ने 3 अगस्त को बांकीपुर विधानसभा सीट के उपचुनाव में जीत दर्ज कर अपनी चुनावी राजनीति की शुरुआत की थी। उन्होंने भाजपा उम्मीदवार नीरज कुमार को 19,324 वोटों के अंतर से हराया। किशोर को 64,151 वोट मिले, जबकि नीरज कुमार को 44,827 मत प्राप्त हुए। बांकीपुर सीट लंबे समय से भाजपा का मजबूत गढ़ रही है। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के राज्यसभा के लिए चुने जाने के बाद यह सीट खाली हुई थी, जिसके कारण उपचुनाव कराया गया। नितिन नवीन और उनके दिवंगत पिता नवीन चंद्र सिन्हा 1995 से इस सीट का प्रतिनिधित्व करते रहे थे।
सितंबर में बिहार दौरे की तैयारी
जन सुराज पार्टी अब राज्य में अपने संगठन को मजबूत करने की तैयारी में जुट गई है। पार्टी सूत्रों के मुताबिक प्रशांत किशोर सितंबर में बिहार का राज्यव्यापी दौरा कर सकते हैं। इस दौरान वह विभिन्न जिलों में कार्यकर्ताओं और आम लोगों से संवाद करेंगे।

