-एलजी सिन्हा ने पहला जत्था किया रवाना
जम्मू । श्री बूढ़ा अमरनाथ जी की वार्षिक पवित्र यात्रा-2026 का सोमवार को विधिवत शुभारंभ हुआ। जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने भगवती नगर यात्री निवास से श्रद्धालुओं के पहले जत्थे को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस अवसर पर उन्होंने श्रद्धालुओं को सुरक्षित, सुखद और आध्यात्मिक रूप से समृद्ध यात्रा के लिए शुभकामनाएं दीं।
उपराज्यपाल सिन्हा ने कहा कि बाबा बूढ़ा अमरनाथ की पवित्र यात्रा श्रद्धालुओं के लिए गहन आध्यात्मिक अनुभव है। उन्होंने विश्वास जताया कि यह यात्रा श्रद्धालुओं के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने के साथ उन्हें जीवन के गहरे सत्यों को समझने का अवसर भी प्रदान करेगी। एलजी सिन्हा ने यात्रा और बूढ़ा अमरनाथ जी मेले के सुचारु आयोजन के लिए बाबा अमरनाथ एवं बूढ़ा अमरनाथ यात्री न्यास, विश्व हिंदू परिषद, बजरंग दल, स्थानीय प्रशासन, लंगर संगठनों और नागरिक समाज के सदस्यों के प्रयासों की सराहना की।
यात्रा के शुभारंभ समारोह में बड़ी संख्या में साधु-संत, धार्मिक नेता, जनप्रतिनिधि, वरिष्ठ प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारी, सुरक्षा बलों के अधिकारी, गणमान्य नागरिक और श्रद्धालु मौजूद रहे। यात्रा मार्ग पर श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए व्यापक व्यवस्थाएं की गई हैं। इसमें सुरक्षा के साथ आवास, भोजन, स्वास्थ्य सेवाएं और अन्य आवश्यक सुविधाएं शामिल हैं। प्रशासन और संबंधित संगठनों की ओर से यात्रा को सुचारु और सुरक्षित बनाने के लिए समन्वित व्यवस्था की गई है।

