निर्माणाधीन स्वास्थ्य संस्थाओं को समय-सीमा में पूरा करने के निर्देश
भोपाल । उप मुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल ने मंगलवार को मंत्रालय में लोक स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा विभाग के विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों की समीक्षा की। उन्होंने स्वास्थ्य संस्थाओं में मानव संसाधन, निर्माणाधीन स्वास्थ्य अधोसंरचनाओं, क्रिटिकल केयर सेवाओं, ई-एचएमआईएस पोर्टल और आवश्यक सुविधाओं की उपलब्धता की विस्तृत समीक्षा करते हुए अधिकारियों को प्राथमिकता के आधार पर कार्य समय-सीमा में पूरा करने के निर्देश दिए।
उप मुख्यमंत्री ने कहा कि स्वास्थ्य संस्थाओं में विशेषज्ञ चिकित्सकों की उपलब्धता गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाओं के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने विभागीय स्तर पर विशेषज्ञ चिकित्सकों की भर्ती प्रक्रिया शीघ्र पूरी करने के निर्देश दिए। साथ ही जिला अस्पतालों और क्रिटिकल केयर हेल्थ ब्लॉक की कार्यात्मक आवश्यकताओं के अनुरूप आवश्यक पदों की स्वीकृति का प्रस्ताव भी जल्द तैयार करने को कहा।
उन्होंने कहा कि आधुनिक स्वास्थ्य सुविधाओं के निर्माण के साथ चिकित्सक, विशेषज्ञ, नर्सिंग एवं अन्य आवश्यक स्टाफ की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए, ताकि नागरिकों को इन सेवाओं का वास्तविक लाभ मिल सके।
ई-एचएमआईएस पोर्टल को मजबूत करने पर जोर
ई-एचएमआईएस पोर्टल की समीक्षा करते हुए श्री शुक्ल ने कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़े आंकड़ों का सटीक, अद्यतन और समयबद्ध संधारण बेहतर योजना एवं मॉनिटरिंग के लिए आवश्यक है। उन्होंने पोर्टल की कार्यक्षमता बढ़ाने, तकनीकी सुधार करने और विभिन्न स्तरों से प्राप्त डेटा के प्रभावी एकीकरण के निर्देश दिए।
निर्माणाधीन स्वास्थ्य संस्थाओं में देरी न हो
उप मुख्यमंत्री ने निर्माणाधीन स्वास्थ्य संस्थाओं के कार्य समय-सीमा में पूर्ण करने को कहा। उन्होंने परियोजनाओं की नियमित मॉनिटरिंग और तकनीकी या प्रशासनिक बाधाओं का तत्काल निराकरण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि भवन निर्माण पूरा होने के बाद स्वास्थ्य सेवाएं शुरू करने में देरी नहीं होनी चाहिए। इसके लिए फर्नीचर, आवश्यक उपकरण और अन्य व्यवस्थाएं भी समय पर पूरी की जाएं।
बैठक में प्रमुख सचिव लोक स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा सुखवीर सिंह, आयुक्त स्वास्थ्य धनराजू एस. सहित विभाग के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

