उद्यानिकी और खाद्य प्रसंस्करण को बढ़ावा देने के लिए आधुनिक तकनीक किसानों तक पहुंचाने पर जोर
भोपाल । उद्यानिकी एवं खाद्य प्रसंस्करण मंत्री नारायण सिंह कुशवाह मंगलवार को नई दिल्ली में आयोजित भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद (आईसीएआर) सोसाइटी की 97वीं वार्षिक आम बैठक में शामिल हुए। राष्ट्रीय कृषि विज्ञान परिसर, पूसा स्थित सुब्रमण्यम सभागार में आयोजित बैठक की अध्यक्षता केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण तथा ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने की।
मंत्री कुशवाह ने बैठक में मध्यप्रदेश में उद्यानिकी एवं खाद्य प्रसंस्करण के क्षेत्र में किए जा रहे प्रयासों तथा किसानों को आधुनिक तकनीक से जोड़ने की दिशा में प्रदेश की पहल की जानकारी साझा की। उन्होंने कहा कि बदलती कृषि परिस्थितियों में उद्यानिकी फसलों का विस्तार किसानों की आय बढ़ाने का प्रभावी माध्यम है।
उन्होंने बताया कि मध्यप्रदेश में फल, सब्जी, मसाला एवं पुष्प उत्पादन के साथ खाद्य प्रसंस्करण को भी बढ़ावा दिया जा रहा है। कृषि अनुसंधान संस्थानों द्वारा विकसित तकनीक और नवाचारों को खेतों तक पहुंचाकर किसानों को बेहतर उत्पादन, मूल्य संवर्धन और बाजार की सुविधाएं उपलब्ध कराने पर विशेष जोर दिया जा रहा है।
मंत्री ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार के समन्वित प्रयासों से कृषि एवं उद्यानिकी क्षेत्र को नई ऊंचाइयों पर ले जाने तथा किसानों को आत्मनिर्भर बनाने के लिए निरंतर कार्य किया जा रहा है।
बैठक में विभिन्न राज्यों के कृषि, उद्यानिकी, पशुपालन एवं मत्स्य पालन विभागों के मंत्री भी शामिल हुए। इस दौरान कृषि एवं संबद्ध क्षेत्रों के विकास, अनुसंधान, तकनीकी नवाचार और किसानों की आय बढ़ाने से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर विचार-विमर्श किया गया।

