जलप्रदाय शिकायत में लापरवाही पर कार्रवाई, प्रभारी सहायक यंत्री निलंबित

मध्य प्रदेश

:: आयुक्त के औचक निरीक्षण में खुली शिकायत के निराकरण में लापरवाही; वार्ड 47 के प्रभारी उपयंत्री की सेवा समाप्त ::
इंदौर । मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान के तहत प्राप्त जलप्रदाय संबंधी शिकायत का समय पर निराकरण नहीं करना नगर निगम के अधिकारियों को भारी पड़ा। निगम आयुक्त क्षितिज सिंघल ने जोन क्रमांक 9 के औचक निरीक्षण के दौरान शिकायतों के निराकरण की स्थिति की जांच की। लापरवाही सामने आने पर प्रभारी सहायक यंत्री शिवराज यादव को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर विभागीय जांच संस्थित की गई। वहीं, वार्ड क्रमांक 47 के प्रभारी उपयंत्री लालाराम मेहरा की सेवा समाप्त कर उन्हें हाजिरी से मुक्त कर दिया गया।
आयुक्त ने जोन क्रमांक 9 में विभिन्न विभागों के कामकाज और कार्यप्रणाली की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि शासन की योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाने के लिए प्राप्त आवेदनों पर नियमानुसार और समयसीमा में कार्रवाई की जाए। राजस्व विभाग के निरीक्षण के दौरान लंबित प्रकरणों का भी निर्धारित समयसीमा में निराकरण करने के निर्देश दिए।
:: बंबई की चाल की पेयजल शिकायत पर मौके पर पहुंचे आयुक्त ::
मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान के तहत जनसंवाद के माध्यम से प्राप्त शिकायतों की मॉनिटरिंग के दौरान बंबई की चाल, न्यू देवास रोड के रहवासियों की घरेलू पेयजल कनेक्शन के माध्यम से स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराने संबंधी शिकायत आयुक्त के संज्ञान में आई। आयुक्त ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का निरीक्षण किया और संबंधित अधिकारियों को तत्काल आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।
जोन स्तर पर प्राप्त जलप्रदाय संबंधी शिकायत के त्वरित निराकरण में लापरवाही को आयुक्त ने गंभीरता से लिया। आवंटित कार्य के प्रति लापरवाही और जोन स्तर पर प्राप्त जलप्रदाय संबंधी शिकायतों के निराकरण में उदासीनता पाए जाने पर शिवराज यादव के निलंबन के साथ विभागीय जांच के आदेश दिए गए। वहीं वार्ड क्रमांक 47 के प्रभारी उपयंत्री लालाराम मेहरा की सेवा समाप्त कर उन्हें हाजिरी से मुक्त किया गया।
आयुक्त ने अधिकारियों को मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान-2026 के तहत जनशिकायतों का त्वरित एवं समयबद्ध निराकरण, शासकीय योजनाओं की प्रभावी मॉनिटरिंग और लोक सेवाओं को निर्धारित समयसीमा में उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।