:: संबल 2.0 की 11वीं किश्त जारी; सामान्य व दुर्घटना मृत्यु के 9061 प्रकरणों में अनुग्रह सहायता ::
भोपाल/इंदौर । रक्षाबंधन से पहले प्रदेश के 9149 संबल हितग्राहियों के खातों में 203 करोड़ रुपये की अनुग्रह सहायता पहुंची। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सोमवार को मुख्यमंत्री निवास से संबल 2.0 की 11वीं किश्त सिंगल क्लिक से जारी की। सहायता में सामान्य मृत्यु, दुर्घटना मृत्यु और दिव्यांगता के प्रकरण शामिल हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि संकट की घड़ी में सरकार श्रमिक परिवारों के साथ खड़ी है। उन्होंने बताया कि संबल योजना से अब तक प्रदेश के 1.84 करोड़ से अधिक श्रमिकों को सहारा मिला है। सरकार लंबित प्रकरणों का बैकलॉग खत्म कर पात्र हितग्राहियों को सहायता उपलब्ध करा रही है।
:: सामान्य व दुर्घटना मृत्यु के 9061 प्रकरण ::
11वीं किश्त में सामान्य मृत्यु के 8027 और दुर्घटना मृत्यु के 1034, कुल 9061 प्रकरण शामिल हैं। इसके अलावा आंशिक स्थायी दिव्यांगता के 66 और स्थायी दिव्यांगता के 22 हितग्राहियों को भी सहायता दी गई। योजना में सामान्य मृत्यु पर 2 लाख, दुर्घटना मृत्यु पर 4 लाख, आंशिक स्थायी दिव्यांगता पर 1 लाख और स्थायी दिव्यांगता पर 2 लाख रुपये की सहायता दी जाती है। अंत्येष्टि सहायता के लिए 5 हजार रुपये का प्रावधान है।
श्रम मंत्री प्रह्लाद सिंह पटेल ने कहा कि 11वीं किश्त में 1 जनवरी 2026 तक के पात्र प्रकरणों का भुगतान किया गया है। सरकार संबल हितग्राहियों का बैकलॉग खत्म करने के लिए प्रतिबद्ध है।
:: गर्भवती श्रमिक महिलाओं को 16 हजार ::
मुख्यमंत्री ने बताया कि पात्र गर्भवती श्रमिक महिलाओं को 16 हजार रुपये की सहायता दी जा रही है। अस्थायी दिव्यांगता पर 1 लाख और स्थायी दिव्यांगता पर 2 लाख रुपये की सहायता का प्रावधान है। संबल 2.0 में गिग और प्लेटफॉर्म वर्कर्स को भी शामिल किया गया है।
संबल हितग्राहियों को आयुष्मान भारत निरामयम् योजना से जोड़ा गया है। वहीं मेडिकल, कानून, इंजीनियरिंग और पॉलीटेक्निक की पढ़ाई कर रहे श्रमिकों के बच्चों की फीस में सहायता का भी प्रावधान है।
:: श्रमिकों के सम्मान और सुरक्षा पर जोर ::
मुख्यमंत्री ने कहा कि मध्यप्रदेश में ‘श्रम शक्ति संहिता’ लागू की गई है। श्रमिकों की सुरक्षा और सम्मान के लिए ‘श्रम स्टार रेटिंग’ शुरू की गई है। श्रमिकों को सहकारिता से जोड़कर आत्मनिर्भर बनाने के लिए ‘श्रमणा’ योजना भी शुरू की गई है।
कार्यक्रम में श्रम सचिव रानी बाटड़ सहित विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।

