तेज रफ्तार कार ने कावड़िए को मारी टक्कर, मौत

इंदौर

इन्दौर | एक दर्दनाक सड़क हादसे में कार की टक्कर से कांवड़िए की मौत हो गई। हादसा तेजाजी नगर थाना क्षेत्र में खंडवा रोड पर हुआ। टक्कर के बाद कार चालक तेज रफ्तार में कार चलाते हुए फरार हो गया। पुलिस के अनुसार पारस पिता राजेश बेड़वाल उम्र बावीस साल निवासी मक्सी रोड़ अपने पांच साथियों के साथ 20 अगस्त को ओंकारेश्वर से उज्जैन के लिए कावड़ यात्रा पर निकला था। चमेलीदेवी कालेज के सामने एक तेज रफ्तार कार चालक उसे टक्कर मारते हुए निकल गया। टक्कर के बाद पारस सड़क पर गिर गया। साथी कांवड़ियों ने उसे इलाज के लिए एम वाय अस्पताल पहुंचाया, जहां उसकी मौत हो गई। पुलिस ने मामला दर्ज कर टक्कर मारने वाले वाहन चालक की तलाश शुरू कर दी है।