इन्दौर | यूनाइटेड फोरम आफ बैंक यूनियंस के आव्हान पर 5 दिनी बैंक सप्ताह की मांग और सरकार द्वारा ढाई वर्ष से अपनाए जा रहे हठपूर्ण रवैये के विरोध में बैंक कर्मियों ने आज देशभर में हड़ताल कर प्रदर्शन किया। इसके चलते इन्दौर में सांठा बाजार स्थित बैंक आफ इंडिया के बाहर करीब 800 बैंक कर्मियों ने सुबह 10.30 बजे एकत्रित हो प्रदर्शन कर रैली निकाली। रैली सांटा बाजार, बोहरा बाजार, सराफा बाजार होते हुए प्रिंस यशवंत रोड स्थित स्टेट बैंक ऑफ इंडिया पहुंची जहां हड़ताली बैंक कर्मियों ने नारे लगाते हुए प्रदर्शन किया। हड़ताल के कारण सार्वजनिक क्षेत्र, संगठित निजी क्षेत्र, सहकारी बैंक्स, क्षेत्रीय ग्रामीण बैंक आदि की इंदौर जिले में कार्यरत 848 बैंक शाखाओं में से लगभग 652 शाखाएँ बंद रही। एक अनुमान के अनुसार इस हड़ताल के कारण इंदौर में कुल रु.257647 करोड़ का बैंक व्यापार प्रभावित हुआ।

