:: गुरुवार को दो खिताब के बाद शुक्रवार को अंडर-15 भी जीता; आराध्या-मृदुल ने अंडर-17 खिताब के बाद अंडर-19 के अंतिम चार में बनाई जगह ::
इंदौर । यशवंत क्लब में चल रही चतुर्थ इंदौर जिला रैंकिंग टेबल टेनिस स्पर्धा में अनिका माहेश्वरी ने दो दिन में तीन खिताब जीतकर अपना दबदबा कायम किया। गुरुवार को अंडर-11 और अंडर-13 की चैंपियन बनीं अनिका ने शुक्रवार को अंडर-15 का खिताब भी अपने नाम किया। शुक्रवार को बालक अंडर-15 में रक्षत चावड़ा, बालिका अंडर-17 में आराध्या राजपूत और बालक अंडर-17 में मृदुल जोशी भी चैंपियन बने। आराध्या और मृदुल ने अंडर-17 का खिताब जीतने के बाद अंडर-19 के सेमीफाइनल में भी जगह बनाई।
बालिका अंडर-15 के फाइनल में अनिका ने सानवी सिंघल को कड़े मुकाबले में 3-2 से हराया। सेमीफाइनल में अनिका ने नेहल नाहर को 3-0 और सानवी ने आरवी जैन को 3-0 से शिकस्त दी। बालक अंडर-15 के फाइनल में रक्षत चावड़ा ने पूणयांश जैन को 3-1 से पराजित किया। रक्षत ने सेमीफाइनल में अर्णव शेलगांवकर को 3-2 और पूणयांश ने दक्ष माहेश्वरी को 3-2 से हराया।
:: अंडर-17 में आराध्या-मृदुल चैंपियन ::
बालिका अंडर-17 के फाइनल में आराध्या राजपूत ने रीत इंगले को 3-0 से हराकर खिताब जीता। सेमीफाइनल में आराध्या ने अनिका माहेश्वरी को 3-0 से पराजित किया था। बालक अंडर-17 के फाइनल में मृदुल जोशी ने मित मिमरोट को 3-0 से शिकस्त दी। सेमीफाइनल में मृदुल ने पूणयांश जैन को 3-0 से हराया।
:: अंडर-19 में भी आराध्या-मृदुल अंतिम चार में ::
बालक अंडर-19 में मृदुल जोशी, अबु बकर, अभी जैन और अर्थव जैन ने सेमीफाइनल में जगह बनाई। मृदुल ने क्वार्टर फाइनल में द्वियुमानी दत्ता को 3-1 से हराया। बालिका अंडर-19 में आराध्या राजपूत, आराना उपाध्याय, भाग्यश्री दवे और हिया पटेल अंतिम चार में पहुंचीं। आराध्या ने क्वार्टर फाइनल में सिद्धी भदोरिया को 3-0 से शिकस्त दी।
:: महिला वर्ग में अनिका की खिताबी चुनौती थमी ::
महिला वर्ग के क्वार्टर फाइनल में आराध्या राजपूत ने आद्या पारासर को 3-0 से हराकर सेमीफाइनल में प्रवेश किया। भाग्यश्री दवे ने भूतिका साहुकार को 3-0, आराना उपाध्याय ने आरवी जैन को 3-1 और हिया पटेल ने अनिका माहेश्वरी को 3-2 से हराकर अंतिम चार में जगह बनाई। इस तरह तीन खिताब जीत चुकी अनिका की महिला वर्ग में चुनौती क्वार्टर फाइनल में समाप्त हुई।
पुरुष वर्ग के क्वार्टर फाइनल में पंकज श्रीवास्तव ने सारंग अग्रवाल को 3-1, साउद खान ने अभी जैन को 3-2, अनुज सोनी ने लक्ष भदौरिया को 3-1 और चैतन्य करोडे ने रक्षत चावड़ा को 3-1 से हराकर सेमीफाइनल में प्रवेश किया।

