पीएम मोदी के 25 साल की राजनीतिक सेवा पर शिवसेना का समारोह

मध्य प्रदेश

-7 अक्टूबर को इंदौर में होगा बड़ा आयोजन, जरूरतमंदों को साड़ी और कंबल बांटे जाएंगे; भोपाल समेत अन्य जिलों में भी होंगे कार्यक्रम
भोपाल । प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के गुजरात के मुख्यमंत्री और देश के प्रधानमंत्री के रूप में 25 साल की राजनीतिक सेवा को सम्मानित करने के लिए मध्यप्रदेश शिवसेना प्रदेशभर में कार्यक्रम आयोजित करेगी। इसी कड़ी में 7 अक्टूबर को इंदौर में बड़े स्तर पर समारोह आयोजित किया जाएगा।
शिवसेना के प्रदेश प्रभारी सुरेश गुर्जर और प्रदेश अध्यक्ष राजीव चतुर्वेदी ने बताया कि महाराष्ट्र के उप मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के दिशा-निर्देश पर ये कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। कार्यक्रमों के दौरान जरूरतमंद लोगों के बीच साड़ी और कंबल का वितरण किया जाएगा। संगठन का कहना है कि प्रधानमंत्री मोदी के सार्वजनिक जीवन और राजनीतिक सेवा के 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर सेवा गतिविधियों के माध्यम से कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।
सेवा गतिविधियों पर रहेगा जोर
शिवसेना पदाधिकारियों के अनुसार कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य जरूरतमंद लोगों तक सहायता पहुंचाना और प्रधानमंत्री मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर सेवा गतिविधियों का आयोजन करना है। इंदौर में होने वाले मुख्य कार्यक्रम में बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं और स्थानीय लोगों के शामिल होने की संभावना है।
भोपाल समेत अन्य जिलों में भी आयोजन
शिवसेना नेताओं के मुताबिक इंदौर के कार्यक्रम के अलावा राजधानी भोपाल सहित प्रदेश के अन्य जिलों में भी इसी तरह के आयोजन किए जाएंगे। इनमें जरूरतमंद और गरीब वर्ग के लोगों को सहायता सामग्री वितरित करने के साथ सामाजिक सरोकार से जुड़े कार्यक्रम भी होंगे। संगठन ने जिला इकाइयों को अपने-अपने क्षेत्रों में कार्यक्रम आयोजित करने की तैयारी करने को कहा है। शिवसेना नेताओं का कहना है कि राजनीतिक सेवा के साथ समाजसेवा को जोड़ते हुए इन कार्यक्रमों को व्यापक स्वरूप दिया जाएगा।