आईएसएफ जिम्नेसियाड वर्ल्ड स्कूल गेम्स में अंडर-63 किग्रा वर्ग में करेंगी भारत का प्रतिनिधित्व; 3 से 8 दिसंबर तक रियो डी जेनेरियो में होगी प्रतियोगिता ::
भोपाल/इंदौर । मध्यप्रदेश राज्य ताइक्वांडो अकादमी की खिलाड़ी मान्या मिश्रा का चयन आईएसएफ जिम्नेसियाड वर्ल्ड स्कूल गेम्स-2026 के लिए भारतीय टीम में हुआ है। वे 3 से 8 दिसंबर तक ब्राजील के रियो डी जेनेरियो में होने वाली प्रतियोगिता के अंडर-63 किलोग्राम भारवर्ग में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगी।
मान्या का चयन 14 और 15 सितंबर को रायपुर में आयोजित एसजीएफआई चयन ट्रायल में उनके प्रदर्शन के आधार पर हुआ। वे प्रतियोगिता में ताइक्वांडो के अंडर-63 किलोग्राम वर्ग में भारत की ओर से हिस्सा लेंगी।
आईएसएफ जिम्नेसियाड वर्ल्ड स्कूल गेम्स में विभिन्न देशों के स्कूली खिलाड़ी हिस्सा लेते हैं। रियो डी जेनेरियो में होने वाली इस प्रतियोगिता में मान्या अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत का प्रतिनिधित्व करेंगी।
:: खेल मंत्री सारंग ने दी बधाई ::
खेल एवं युवा कल्याण मंत्री विश्वास कैलाश सारंग ने मान्या के भारतीय टीम में चयन पर बधाई देते हुए प्रतियोगिता के लिए शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश के खिलाड़ियों का राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रदर्शन प्रदेश के लिए गौरव का विषय है। मान्या का चयन अन्य युवा खिलाड़ियों के लिए भी प्रेरणादायी है।
मंत्री ने उम्मीद जताई कि मान्या अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन कर देश और मध्यप्रदेश का नाम रोशन करेंगी।

