बालाघाट के सरदार पटेल आयुर्वेदिक मेडिकल कॉलेज एवं हॉस्पिटल की मान्यता रद्द?

मध्य प्रदेश

शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए 100 बीएएमएस सीटों की अनुमति से इनकार
बालाघाट । जिले के आयुर्वेद शिक्षा क्षेत्र से जुड़ी बड़ी खबर सामने आई है। सरदार पटेल आयुर्वेदिक मेडिकल कॉलेज एवं हॉस्पिटल को शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए बीएएमएस पाठ्यक्रम में प्रवेश की अनुमति नहीं दी गई है। कॉलेज में बीएएमएस की 100 सीटें हैं।
राष्ट्रीय भारतीय चिकित्सा पद्धति आयोग (एनसीआईएसएम) की ओर से जारी में सूचि में कॉलेज का नाम उन संस्थानों की सूची में शामिल है, जिन्हें शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए अनुमति नहीं दी गई है।आदेश के अनुसार यह कार्रवाई एनसीआईएसएम एक्ट 2020 की धारा 28 और संबंधित नियमों के तहत की गई है। इसका सीधा असर आगामी शैक्षणिक सत्र में कॉलेज की 100 बीएएमएस सीटों पर पड़ेगा।
-मान्यता और छात्रों के भविष्य पर सवाल
कॉलेज को अनुमति नहीं मिलने के बाद यहां बीएएमएस में प्रवेश लेने वाले विद्यार्थियों के भविष्य को लेकर भी सवाल खड़े हो रहे हैं। खासतौर पर उन विद्यार्थियों और अभिभावकों के लिए यह महत्वपूर्ण है, जो 2026-27 सत्र में कॉलेज में प्रवेश ले चुके है या लेने की तैयारी कर रहे थे। एनसीआईएसएम की सूची में कॉलेज को “डिनायल ऑफ परमिशन” अनुमति न देना की श्रेणी में रखा गया है। दस्तावेज में कॉलेज की 100 सीटों की निर्धारित क्षमता का भी उल्लेख किया गया है। अब सवाल यह है कि कॉलेज की ओर से किन कमियों को दूर किया जाता है और क्या आगामी प्रक्रिया में उसे दोबारा अनुमति मिल पाती है।
गौरतलब है कि भारतीय चिकित्सा पद्धति राष्ट्रीय आयोग ने सरदार पटेल आयुर्वेदिक मेडिकल कॉलेज एवं हॉस्पिटल से जुड़े 39 फैकल्टी के टीचर कोड एक वर्ष के लिए निलंबित किए थे। कार्रवाई ने कॉलेज में ‘पेपर फैकल्टी’ यानी कागजों पर दर्ज लेकिन वास्तविक रूप से संस्थान में मौजूद नहीं रहने वाले फेकल्टी की व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े किये थे ।