ममता, स्टालिन और केजरीवाल को निपटा चुके…….अखिलेश, राहुल गांधी का अगला टारगेट

ताज़ा खबर देश-विदेश

शहजाद पूनावाला ने कांग्रेस पार्टी पर साधा निशाना
नई दिल्ली । बीजेपी से अलग हुए शहजाद पूनावाला ने कांग्रेस और क्षेत्रीय दलों के रिश्तों पर तीखी और कांग्रेस को चुभ जाने वाली टिप्पणी की है। उन्होंने दावा किया है कि कांग्रेस नेता लोकसभा में नेता विपक्ष राहुल गांधी विपक्षी गठबंधन के भीतर मौजूद क्षेत्रीय नेताओं को राजनीतिक रूप से कमजोर कर रहे हैं और अब समाजवादी पार्टी के प्रमुख और पूर्व सीएम अखिलेश यादव उनके अगले निशाने पर हैं।
बीजेपी से अलग हो चुके पूनावाला ने अखिलेश को सलाह देकर कहा कि उनकी असली लड़ाई बीजेपी से नहीं, बल्कि कांग्रेस पार्टी से है। शहजाद के अनुसार, अखिलेश को मैं एक सलाह दे सकता हूं। बीजेपी आपकी असली दुश्मन नहीं है, आपकी असली दुश्मन कांग्रेस और राहुल गांधी है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस का लक्ष्य समाजवादी पार्टी के खिलाफ लगे रहना है, जबकि वे बीजेपी पर सीधा हमला नहीं करते।
शहजाद ने दावा किया कि राहुल गांधी पहले धीरे-धीरे डीएमके प्रमुख एमके स्टालिन, ममता बनर्जी, तेजस्वी यादव और अरविंद केजरीवाल जैसे नेताओं के प्रभाव को खत्म कर रहे हैं। उनके मुताबिक, बिहार चुनाव में तेजस्वी यादव सही राह पर थे, लेकिन राहुल गांधी ने उन्हें वोट चोरी के मुद्दे पर उलझाकर खुद के साथ-साथ उन्हें भी डुबो दिया। शहजाद के अनुसार, राहुल गांधी की रणनीति है कि मोदी सरकार को आगे भी बने रहने दिया जाए, क्योंकि कांग्रेस का असली फायदा तब होगा जब इन छोटी क्षेत्रीय पार्टियों की दुकानें बंद करवाकर उनके वोट बैंक के जेवर अपने नाम कर लेगी।
बीजेपी के भविष्य के चेहरे के सवाल पर, शहजाद ने बेझिझक कहा कि पार्टी का सबसे बड़ा चेहरा उसका कार्यकर्ता होता है और जब तक कार्यकर्ता किसी नेता को नहीं चुनता, तब तक कोई अकेला चेहरा नहीं होता। एक इंटरव्यू में, 28 साल की यूट्यूबर द्वारा अंकल कहने पर उन्होंने चुटकी लेकर कहा कि जो लोग 56 साल के नेताओं को सम्मान से जी लगाकर बुलाते हैं, वे 38 साल के शहजाद को अंकल कह रहे हैं।
राहुल गांधी-वाड्रा परिवार से अपने भाई के संबंध पर शहजाद ने स्वीकार किया कि इसतरह के अप्रत्यक्ष रिश्तों से उन्हें हमेशा असहजता महसूस हुई। उनका कहना था कि इन कनेक्शन का अक्सर दुरुपयोग होता है और उनके खिलाफ हजारों अफवाहें उड़ाई गईं। अपनी निजी जिंदगी और शादी न करने के सवाल पर शहजाद ने मजाकिया लहजे में कहा, हमारे बाल अच्छे हैं, लेकिन हम बाल-बच्चे नहीं चाहते! मैं शादी कभी नहीं करना चाहता। मैं हमेशा दो फोन पर काम या यूट्यूब में व्यस्त रहता हूं। जब फोन ही सारा समय ले जाता है, तब शादी के लिए वक्त ही कहां है?