ओवरलोड लिफ्ट काम्प्लेक्स की दूसरी मंजिल से गिरी, सात घायल,

इंदौर

::चार लोगों का नोटिस लगने के बावजूद लिफ्ट में घुसे थे सात लोग::

इन्दौर | आज दोपहर हुए एक हादसे में लिफ्ट गिरने से सात लोग घायल हो गए। हादसा भंवरकुआं थाना क्षेत्र में स्नेह नगर स्थित एक कॉम्प्लेक्स में उस वक्त हुआ जब दूसरी मंजिल से लिफ्ट गिर गई। लिफ्ट गिरने का कारण ओवरलोड होना बताया जा रहा है। सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच कार्रवाई शुरू कर दी है। थाना प्रभारी अनिल गुप्ता के अनुसार घटना आज दोपहर करीब साढ़े तीन बजे की है। स्नेह नगर के नवलखा कॉम्प्लेक्स में लिफ्ट गिरने का यह हादसा हुआ। लिफ्ट दूसरी मंजिल से नीचे गिरी थी। जिसमें सात लोग घायल हुए उन्हें अस्पताल भिजवाया गया है उनमें से एक की हालत गंभीर है। घायलों के नाम अंकित पुत्र सोहन ढिगरा, मुस्कान खीर, हरविंदर कुमार, रमेश कुमार, शुभम, आशा और अनिता है। इनमें से अंकित की हालत गंभीर है। सूचना मिलते ही टीम मौके पर पहुंची और जांच कर रही है। थाना प्रभारी के अनुसार बिल्डिंग काफी पुरानी है और यहां मेंटेनेंस का काम भी बाकी है। पुलिस को पूछताछ में काम्प्लेक्स के गार्ड ने बताया कि लिफ्ट ओवरलोड हो गई थी। आवाज आने के बाद अंदर मौजूद लोग चिल्लाने लगे। इसके बाद वे बचाने के लिए पहुंचे। लिफ्ट में 7 लोग सवार थे, जो किसी से मिलने आए थे। बताया जा रहा है कि यह लिफ्ट करीब 40 साल पुरानी है और पहले भी गिर चुकी है। लिफ्ट के बाहर नोटिस भी लगा है, जिसमें अधिकतम 4 लोगों के जाने की चेतावनी दी गई है। इसके बावजूद हादसे के समय 7 लोग लिफ्ट के अंदर चले गए। द ब्लॉक में भी लिफ्ट पहले भी दो बार गिर चुकी है। फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच कार्रवाई शुरू कर दी है।