शरवरी इन दिनों ये प्रेम मोल लिया के टाइटल ट्रैक पर अपने ग्रेसफुल डांस वीडियो को लेकर सोशल मीडिया पर दर्शकों का दिल जीत रही हैं। इस वीडियो के जरिए वह क्लासिक बॉलीवुड म्यूजिक और रोमांस के प्रति अपने प्यार का जश्न मनाती नजर आ रही हैं।शरवरी ने कहा, “बॉलीवुड के गाने और डांस वास्तव में उन बड़ी वजहों में से हैं, जिनकी वजह से मैं एक्टर बनना चाहती थी। मैं बचपन में दीदी तेरा देवर दीवाना में माधुरी मैम और मैया यशोदा में करिश्मा मैम और सोनाली मैम को देखती थी। घर आकर मैं इन्हीं गानों पर डांस करती थी और कल्पना करती थी कि एक दिन मैं भी पर्दे पर उसी तरह की हीरोइन बनूंगी। मुझे लगता है कि कहीं न कहीं, उन्हीं पलों ने मुझे बॉलीवुड के आइडिया से प्यार करना सिखाया।

