सिंहस्थ के लिए मुख्यमंत्री ने पैतृक मकान पर खुद चलाई गेती, सड़क चौड़ीकरण की शुरुआत

ताज़ा खबर देश-विदेश

उज्जैन । सिंहस्थ-2028 की तैयारियों के तहत मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने रविवार को अब्दालपुरा स्थित अपने पैतृक मकान पर खुद गेती चलाकर सड़क चौड़ीकरण कार्य की शुरुआत की। पूजा-अर्चना के बाद उन्होंने मकान के हिस्से को हटाने की प्रक्रिया शुरू की। खजूर वाली मस्जिद से जीवाजीगंज थाने तक सड़क को 32 फीट चौड़ा किया जाएगा।
अब्दालपुरा में सड़क चौड़ीकरण की जद में 272 मकान आ रहे हैं। इनमें हिंदू, मुस्लिम और बोहरा समुदाय के परिवार रहते हैं। स्थानीय लोगों ने सड़क चौड़ीकरण के लिए अपने मकान पीछे हटाकर प्रशासन का सहयोग किया है। मुख्यमंत्री की बहन एवं नगर निगम उज्जैन की सभापति कलावती यादव का मकान भी चौड़ीकरण की जद में है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सिंहस्थ की तैयारियों में उज्जैनवासियों ने जिस तरह सहयोग दिया है, वह अनुकरणीय है। उन्होंने कहा कि उज्जैन की आबादी करीब आठ लाख है, जबकि सिंहस्थ में 40 करोड़ से अधिक श्रद्धालुओं के आने की संभावना है। उन्होंने सड़क चौड़ीकरण के लिए अपने पुश्तैनी घरों और पूजा स्थलों तक को पीछे करने वाले नागरिकों के प्रति आभार जताया।
उन्होंने कहा कि सिंहस्थ के विकास कार्यों में बिना भेदभाव सभी की सहभागिता हो रही है। लोगों का यह सहयोग उज्जैन के विकास और सिंहस्थ की बेहतर व्यवस्थाओं में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
मुख्यमंत्री ने रविवार को दशहरा मैदान में आयोजित मैराथन में भी हिस्सा लिया और प्रतिभागियों के साथ योगाभ्यास किया। उन्होंने नियमित योग, व्यायाम और पर्यावरण संरक्षण को स्वस्थ जीवन के लिए जरूरी बताया। उन्होंने पौधारोपण के साथ प्रकृति संरक्षण के प्रति जागरूक रहने और पितृपक्ष में पूर्वजों के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने का भी आह्वान किया।