अल्पवर्षा में सांवेर के किसानों को पर्याप्त पानी का भरोसा

इंदौर

मंत्री सिलावट बोले- 53 से अधिक गांवों में नर्मदा जल पहुंच रहा, जरूरत पर होगी अतिरिक्त आपूर्ति ::
इंदौर । अल्पवर्षा के बीच सांवेर क्षेत्र में किसानों, मवेशियों और पशु-पक्षियों के लिए पर्याप्त पानी उपलब्ध कराने का भरोसा जल संसाधन मंत्री तुलसीराम सिलावट ने दिलाया। मंगलवार को रेसीडेंसी कोठी में सांवेर क्षेत्र के सैकड़ों किसानों से चर्चा के दौरान उन्होंने कहा कि जरूरत वाले क्षेत्रों में पानी की कमी नहीं होने दी जाएगी।
सिलावट ने बताया कि पालिया सहित सांवेर मंडल के 53 से अधिक गांवों में नर्मदा-गंभीर-शिप्रा लिंक योजना से पानी पहुंचाया जा रहा है। इससे हजारों किसान लाभान्वित हो रहे हैं और साल में तीन फसलें ले पा रहे हैं। जरूरत पड़ने पर नर्मदा घाटी विकास योजना से अतिरिक्त जलापूर्ति की जाएगी।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के निर्देश पर अल्पवर्षा वाले क्षेत्रों का सर्वे कराया जा रहा है। सर्वे के आधार पर इंदौर जिले में जरूरत के अनुसार जलापूर्ति की व्यवस्था की जाएगी।
:: ग्रीनफील्ड योजना पर किसानों ने जताया आभार ::
कांकरिया बोर्डिया, माताबरोड़ी, बसांदा, बालोदा टाकुन, पाल कांकरिया, कछालिया, हरियाखेड़ी, बीबीखेड़ी, रतनखेड़ी, पिपलिया कायस्थ, बलधारा, पोटलोद और चंद्रावतीगंज से आए किसानों ने इंदौर-उज्जैन ग्रीनफील्ड योजना शुरू होने पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का आभार जताया। किसानों ने कहा कि परियोजना से क्षेत्र के विकास को गति मिलेगी।
इस अवसर पर जनपद पंचायत इंदौर अध्यक्ष विश्वजीत सिंह सिसोदिया, अंतरसिंह दयाल, शिवपाल सिंह चावड़ा, संतोष सिसोदिया, जीवन सिंह, राजेश पटेल, ओम सेठ और विनोद दयाल सहित अन्य जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में किसान मौजूद रहे।